मुंबई में 9 वें स्तर से गिरा गोविंदा

राज्यभर में दहीहांडी की धूम

* सीएम फडणवीस ने फोड़ी हांडी, घाटकोपर पहुंचे रितेश देशमुख
मुंबई /दि.5- महाराष्ट्र में दहीहांडी का त्योहार बड़े ही उत्साह और धूमधाम से मनाया जा रहा है. इस वर्ष विभिन्न आयोजकों और मंडलों द्वारा अनुभवी गोविंदा पथकों (दस्तों) के लिए लाखों रुपये के आकर्षक पुरस्कारों की घोषणा की गई है. इसके अलावा, मुंबई और ठाणे की प्रमुख दहीहांडियों में मराठी और हिंदी सिनेमा के कई दिग्गज कलाकारों की मौजूदगी आकर्षण का केंद्र बनी हुई है.
* ठाणे में 10 वां स्तर पूरा करने से पहले गिरा ’आर्यन्स गोविंदा पथक’
ठाणे में विधायक प्रताप सरनाईक के ’संस्कृति प्रतिष्ठान’ द्वारा आयोजित दहीहांडी में ’आर्यन्स गोविंदा पथक’ ने 10 स्तर (थरे) बनाकर विश्व रिकॉर्ड बनाने का प्रयास किया. 10 स्तर तो बन गए, लेकिन सबसे ऊपर का गोविंदा पूरी तरह खड़ा हो पाता, उससे पहले ही संतुलन बिगड़ने से पूरा मानव पिरामिड ढह गया.
* घाटकोपर में हादसा, 9वां स्तर उतारते समय गिरा गोविंदा:
घाटकोपर में मनसे नेता गणेश चुक्कल द्वारा आयोजित दहीहांडी में अंधेरी पूर्व के ’अखिल मालपा डोंगरी’ गोविंदा पथक ने मुंबई में इस सीजन के पहले 9 स्तर बनाने का रिकॉर्ड दर्ज किया. हालांकि, 9 वां स्तर उतारते समय ऊपर मौजूद गोविंदा का संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर पड़ा. इसी कार्यक्रम में बॉलीवुड अभिनेता रितेश देशमुख ने भी शिरकत की.
* सीएम फडणवीस ने जांभोरी मैदान में फोड़ी हांडी
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मुंबई के प्रसिद्ध जांभोरी मैदान पहुंचकर दहीहांडी उत्सव में भाग लिया और हांडी फोड़ी. उत्सव के दौरान भीड़ को देखते हुए ठाणे और मुंबई पुलिस ने यातायात में व्यापक बदलाव किए हैं. ठाणे में टेंभी नाका, टॉवर नाका, वागले एस्टेट समेत 17 प्रमुख मार्गों पर सुबह 7 बजे से रात 11 बजे तक गाड़ियो का प्रवेश बंद कर वैकल्पिक मार्ग दिए गए हैं. वहीं मुंबई के जरीमरी रोड पर शाम 5 बजे से यातायात को डायवर्ट किया गया है.

Back to top button