कांग्रेस नेता की जानकारी को आधा-अधूरा बताया
बीजेपी ने नकारा सुनील डॉ. देशमुख के आरोपों को

* वेंटिलेटर खरीदी में 45 लाख बचाए
* 8 वर्ष मेंटेनन्स और 2 वर्ष चलने जितनी सामग्री शामिल
* मामला 13 लाख की मशीन 22 लाख में लेने के आरोप का
अमरावती/दि.5- भारतीय जनता पार्टी ने अमरावती के पूर्व पालकमंत्री डॉ. सुनील देशमुख द्वारा शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय में 13 लाख की वेंटिलेटर मशीन 22 लाख में लेने के आरोप को सिरे से नकारा है. बीजेपी ने दावा किया कि, राहुल गांधी के नेतृत्व में काम कर रहे प्रदेश के कांग्रेस नेताओं की भी जानकारी आधी-अधूरी है. दरअसल वेंटिलेटर खरीदी 22 लाख में की गई है और यह मशीने स्वित्झलैंड में निर्मित है. यह वेंटिलेटर पूर्ण रुप से इम्पोर्टेड होने के साथ कीमत में 8 वर्षों तक देखरेख का भी जिम्मा शामिल है.
भाजपा महाराष्ट्र प्रदेश ने बयान जारी कर दावा किया कि, अमरावती जीएमसी में खरीदे गए वेंटिलेटर्स अमेरिकन एफडीए प्रमाणित है. सीई सर्टिफाईड है. संपूर्ण खरीदी प्रक्रिया में अधिक खर्च या कीमत देने की बजाए 45 लाख रुपए की बचत ही की गई है.
बीजेपी के स्पष्टीकरण में कहा गया कि, अमरावती के अस्पताल में वेंटिलेटर विस्फोट की घटना दुर्भाग्यजनक है. उसकी जांच हो रही है. जिम्मेदारों पर कार्रवाई भी होगी, किंतु जहां तक वेंटिलेटर खरीदी का प्रश्न है, वह पूर्ण रुप से आयातीत वेंटिलेटर्स है. उसमें केवल स्थानीय अधिकृत आपूर्तिकर्ता का पता दर्ज किया गया है. प्रत्यक्ष में वे स्वित्झलैंड में बने हैं. भाजपा के अमरावती कार्यालय की ओर से आंखेगांवकर द्वारा दिए गए महाराष्ट्र इकाई के ट्वीट में दावा किया गया कि, वेंटिलेटर की खरीदी 22 लाख में जरुर की गई है, किंतु इसी में 8 वर्ष तक देखभाल शामिल है. उसके साथ लगनेवाले अतिरिक्त कन्झ्युमेबल्स, अतिरिक्त ईसी सीओ2 सेंसर्स, अतिरिक्त ऑक्सीजन सेंसर्स, अतिरिक्त सिलिकॉन, ऑटोक्लावेबल ब्रिदिंग सर्किट, अतिरिक्त फ्लो सेंसर्स, अतिरिक्त बैक्टेरिया फिल्टर्स, अतिरिक्त नॉन इन्व्हेसिव्ह फेसमास्क, अतिरिक्त ईटी सीओ2 अडप्टॉटर, अतिरिक्त हेपा फिल्टर्स, अतिरिक्त पेडिअँट्रिक ब्रिर्थिग सर्किट तथा सुरक्षा हेतु यूपीएस का समावेश है. यह सामग्री दो वर्ष के लिए पर्याप्त हो, इस हिसाब से खरीदी की गई है.





