अमरावती ग्रामीण के 31 थाने दिसंबर तक होंगे एआई सीसीटीवी से लैस
स्मार्ट पुलिसिंग का ‘एआई’ दौर

* एसपी निकेतन कदम द्वारा घोषणा
अमरावती/दि.5 – अमरावती ग्रामीण पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को अब अत्याधुनिक तकनीक से मजबूत किया जाएगा. जिले के सभी 31 पुलिस थानों में दिसंबर 2026 तक एआई आधारित सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे. इन कैमरों में नाइट विजन की सुविधा होगी, जबकि तेज गति से डेटा ट्रांसफर के लिए पूरे सिस्टम को ऑप्टिकल फाइबर नेटवर्क से जोड़ा जाएगा. यह जानकारी जिला पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम ने दी.
* 3,328 स्थानों पर 20 हजार से ज्यादा कैमरों की नजर
अमरावती ग्रामीण क्षेत्र में सुरक्षा की दृष्टि से महत्वपूर्ण 3,328 स्थानों का चयन किया गया है. इन स्थानों पर वर्तमान में 20 हजार 343 से अधिक सीसीटीवी कैमरे 24 घंटे निगरानी कर रहे हैं. इस व्यापक नेटवर्क के जरिए जिले के विभिन्न हिस्सों में होने वाली संदिग्ध गतिविधियों पर पुलिस की नजर बनी हुई है.
* निजी कैमरे भी बन रहे ‘थर्ड आई’
ग्रामीण क्षेत्र में पुलिस को स्थानीय नागरिकों का भी सहयोग मिल रहा है. नागरिकों की पहल और जनसहभागिता से अब तक 2,030 निजी सीसीटीवी कैमरे लगाए जा चुके हैं. ये कैमरे पुलिस के लिए ‘थर्ड आई’ की भूमिका निभा रहे हैं. सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए प्रत्येक पुलिस थाने के परिसर में कम से कम 100 नए सीसीटीवी कैमरे लगाने का प्रस्ताव भी तैयार किया गया है.
* अंधेरे में भी साफ नजर आएगी हर गतिविधि
दिसंबर तक शुरू होने वाली नई व्यवस्था में नाइट विजन कैमरों का इस्तेमाल किया जाएगा. इससे रात के समय कम रोशनी या अंधेरे में भी स्पष्ट फुटेज प्राप्त किया जा सकेगा. ऑप्टिकल फाइबर के माध्यम से तेज गति से डेटा ट्रांसफर सुनिश्चित किया जाएगा. एआई तकनीक की मदद से संदिग्ध गतिविधियों की पहचान करने के साथ ही चेहरों और वाहनों के नंबर की पहचान करना भी आसान होगा. अमरावती ग्रामीण पुलिस की यह हाईटेक सुरक्षा व्यवस्था अपराध नियंत्रण और जांच प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.





