अस्पतालों का अब हर 6 माह में अनिवार्य फायर ऑडिट
महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री प्रकाश आबिटकर की घोषणा

* अमरावती डफरीन हादसे के बाद सरकार का कडा फैसला
* अग्नि सुरक्षा के लिए अगले चार दिनों में नई एसओपी
कोल्हापुर/दि.5 – अमरावती के जिला स्त्री अस्पताल डफरीन में गत 24 अगस्त को हुए भयंकर हादसे से महाराष्ट्र सरकार ने बडा सबक सीखा है. सरकार ने ऐलान कर दिया कि, अब निजी हो या शासकीय सभी प्रकार के अस्पतालों में वर्ष में दो बार फायर सुरक्षा ऑडिट कराना कंपलसरी रहेगा. महाराष्ट्र के सरकारी और निजी अस्पतालों में आग लगने जैसी दुर्घटनाओं को रोकने तथा आपातकालीन स्थिति में मरीजों व कर्मचारियों की सुरक्षित निकासी सुनिश्चित करने के लिए राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है. स्वास्थ्य मंत्री प्रकाश आबिटकर ने घोषणा की है कि अब प्रदेश के सभी अस्पतालों में हर छह महीने पर अनिवार्य रूप से ’फायर ऑडिट’ (अग्निसुरक्षा परीक्षण) किया जाएगा. इसके लिए अगले 4 दिनों के भीतर एक स्वतंत्र मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) जारी की जाएगी.
* अग्निकांड से लिया सबक
कोल्हापुर में आयोजित एक पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री आबिटकर ने कहा कि अमरावती और छत्रपति संभाजीनगर के अस्पतालों में हाल ही में हुई आग की घटनाओं को सरकार ने अत्यंत गंभीरता से लिया है. उन्होंने बताया कि छत्रपति संभाजीनगर के एशियन अस्पताल में कर्मचारियों की तत्परता और सतर्कता के कारण एक बड़ा हादसा टल गया था. इन घटनाओं से सबक लेते हुए कागजी ऑडिट के बजाय अस्पतालों में वास्तविक सुरक्षा व्यवस्था को हर समय दुरुस्त रखने के लिए यह स्थायी तंत्र बनाया जा रहा है. याद दिला दें कि, अमरावती के हादसे में तीन शिशुओं की जान चली गई थी. 6 अन्य बुरी तरह हताहत हुए थे.
गणेशोत्सव में समन्वय पर जोर – ध्वनि प्रदूषण और डीजे पर जारी बहस के बीच उन्होंने कहा कि गणेशोत्सव का उत्साह बना रहना चाहिए, लेकिन आम जनता को परेशानी न हो. इसके लिए प्रशासन और गणेश मंडलों के बीच संवाद और समन्वय स्थापित किया जाएगा.
शक्तिपीठ हाईवे पर किसानों की सहमति जरूरी – शक्तिपीठ महामार्ग परियोजना पर रुख स्पष्ट करते हुए मंत्री ने कहा कि किसी भी बड़े विकास कार्य के लिए स्थानीय नागरिकों और किसानों को विश्वास में लेना अनिवार्य है. उन्होंने राजू शेट्टी और राजेश शेट्टी के बीच जारी विवाद पर दोनों पक्षों से संयम बरतने की अपील की.
संजय राउत के आरोपों का जवाब – शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत द्वारा राज्य की कानून-व्यवस्था पर उठाए गए सवालों को खारिज करते हुए आबिटकर ने कहा कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस गृह मंत्रालय का प्रभार बेहद सक्षम तरीके से संभाल रहे हैं. विरोधियों का काम सिर्फ आरोप लगाना है.





