पुरानी रंजीश के चलते युवक की हत्या
मुख्य सूत्रधार समेत 5 आरोपी गिरफ्तार

* खोलापुरी गेट थाना क्षेत्र के हैदरपुरा परिसर के सरकारी दवाखाना ग्राउंड की घटना
* क्षेत्र में मची खलबली
अमरावती/दि.8 – पुरानी रंजीश को लेकर एक 22 वर्षीय युवक की पांच युवकों ने तलवार से हमला कर हत्या कर दी. यह सनसनीखेज घटना सोमवार 7 सितंबर की रात 9.30 बजे के दौरान खोलापुरी गेट थाना क्षेत्र के हैदरपुरा परिसर के सरकारी दवाखाना ग्राउंड पर घटित हुई. मृतक युवक का नाम शेख राहील उर्फ गनी शेख फारुक (22) है. जबकि गिरफ्तार आरोपियों के नाम रहमत नगर निवासी शेख मोहसीन, सैयद शोएब सैयद चांद (26), मदरासी बाबा नगर निवासी अब्दूल नावेद अब्दूल सत्तार (22), सैयद जुनेद सैयद जफर (22) और रोशन नगर निवासी अब्दूल आसीफ उर्फ आशिक अब्दूल शहीद (34) है.
जानकारी के मुताबिक कबीर नगर निवासी मृतक शेख राहील उर्फ गनी शेख फारुक (22) का कुछ दिनों पूर्व पानठेला चलाने वाले शेख मोहसीन के साथ विवाद हो गया था. शेख मोहसीन के भांजे सैयद शोएब के गाडी को कट मारने के कारण पर से यह विवाद हुआ था. बताया जाता है कि, सोमवार 7 सितंबर की रात 9.30 बजे के दौरान शेख राहील और शेख मोहसीन के बीच हैदरपुरा परिसर के सरकारी दवाखाना के मैदान पर इसी बात को लेकर फिर से झगडा हो गया. इस विवाद में उनमें मारपीट शुरु हो गई, तब शेख मोहसीन का भांजा सैयद शोएब सैयद चांद और उसके तीन अन्य साथी अब्दूल नावेद, अब्दूल आसिफ और सैयद जुनेद वहां आ पहुंचे. पांचों युवकों ने मिलकर शेख राहील पर तलवार से हमला कर दिया. हमले के बाद पांचों आरोपी वहां से भाग गये. परिसर के नागरिकों ने हमले में गंभीर रुप से घायल शेख राहील को जिला अस्पताल पहुंचाया. जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई. घटना की जानकारी मिलते ही खोलापुरी गेट, नागपुरी गेट पुलिस समेत क्राइम ब्रांच का दल और पुलिस आयुक्त राकेश ओला, उपायुक्त श्याम घुगे, उपायुक्त प्रांजली सोनवणे, सहायक पुलिस आयुक्त संजय खताले भी घटनास्थल आ पहुंचे. घटनास्थल का जायजा लेने के बाद पुलिस ने परिसर के सीसीटीवी फूटेज खंगालना शुरु किया. घटनास्थल पर नागरिकों की भारी भीड जमा हो गई थी. जिला अस्पताल में भी नागरिकों की भीड जमा हो गई थी. पुलिस ने मिली जानकारी के आधार पर दो घंटे के भीतर मुख्य सूत्रधार शेख मोहसीन समेत चार अन्य आरोपियों को दबोच लिया.
* मृतक की भी अपराधिक पृष्ठभूमि
खोलापुरी गेट पुलिस ने बताया कि, मृतक शेख राहील उर्फ गनी शेख फारुक पर भी जानलेवा हमला करने का मामला दर्ज है. उसकी भी अपराधिक कुंडली खंगाली जा रही है. मुख्य आरोपी शेख मोहसीन यह पानठेला चलाता है. पांचों आरोपियों को आज अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाने वाला है. मृतक के पिता शेख फारुक शेख अहमद (46) की शिकायत पर खोलापुरी गेट पुलिस ने पांचों आरोपियों के खिलाफ धारा 103 (1), 3 (5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरु की है.
* घटनास्थल पर सबूत जुटाए
शेख राहील पर सरकारी दवाखाना परिसर के मैदान पर चाकू और तलवार से हमला होने और जिला अस्पताल में उसकी मृत्यु होने की जानकारी मिलने के बाद घटनास्थल और जिला अस्पताल में भारी भीड जमा हो गई थी. पुलिस ने भी घटनास्थल पहुंुंचकर वहां का जायजा किया. फॉरेंसिक व डॉग स्क्वॉड के दल को भी घटनास्थल बुलाया गया. पुलिस को घटनास्थल पर खून के निशान मिले. फॉरेसिंक दल ने आवश्यक सबूत जुटाए.
* लगातार हो रही शहर में संगीन घटनाएं
अमरावती शहर में पिछले 10 दिनों में 4 हत्याएं हुई है. साथ ही हत्या के प्रयास के मामले भी लगातार घटित हो रहे है. इन संगीन घटनाओं के चलते शहरवासियों में दहशत का वातावरण निर्माण हो गया है. हैदरपुरा की घटना ने एक बार फिर से शहर में कानून सुव्यवस्था का प्रश्न निर्माण कर दिया है.
* इन लोगों ने की कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त राकेश ओला, उपायुक्त श्याम घुगे, प्रांजली सोनवणे, सहायक आयुक्त संजय खताले के मार्गदर्शन में क्राइम ब्रांच के निरीक्षक दिनेश दहातोंडे, अतुल वर, सहायक निरीक्षक मनीष वाकोडे, दशरथ आडे, एएसआई फिरोज खान, हेड कांस्टेबल संभाजी केंद्रे, मंगेश लोखंडे, नाजीमउद्दीन सैयद, संजय भारसाकले, सचिन भोयर, रणजीत गावंडे, नरेश मोहरील, सागर ठाकरे, सूरज चव्हाण, निखिल गेडाम, चालक प्रभात पोकले, चेतन शर्मा तथा साइबर के सहायक निरीक्षक अनिकेत कासार, हेड कांस्टेबल निखिल माहुरे के दल ने की.





