बडनेरा के हरिदास पेठ में शॉर्टसर्किट से घर में लगी भीषण आग
पार्षद किशोर जाधव की तत्परता से कुछ ही मिनटों में पहुंची फायर ब्रिगेड

* सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस और बिजली विभाग का दल भी रहा तैनात
अमरावती/दि.8 – बडनेरा शहर के हरिदास पेठ क्षेत्र में सोमवार 7 सितंबर को शॉर्ट सर्किट के कारण राजू नंदेश्वर के घर में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई. लेकिन घटना की जानकारी मिलते ही युवा स्वाभिमान पार्टी के पार्षद तथा बडनेरा जोन के मिनी महापैर किशोर जाधव के तत्काल पहुंचने से दमकल कर्मियों व परिसर के नागरिकों की सहायता से आग को फौरन काबू में कर लिया गया. फिर भी इस आग से राजू नंदेश्वर के मकान का काफी नुकसान हो गया.
जानकारी के मुताबिक सोमवार 7 सितंबर की रात 10 बजे के दौरान बडनेरा शहर के पुलिस स्टेशन के पीछे स्थित हरिदास पेठ में मजदूरी करनेवाले राजू नंदेश्वर के मकान को अचानक आग लग गई. मकान को आग लगते ही सभी तरफ अफरातफरी मच गई. आग लगने की जानकारी मिलते ही नंदेश्वर परिवार ने तत्काल पार्षद किशोर जाधव से संपर्क किया. घटना की सूचना मिलते ही पार्षद किशोर जाधव ने बिना समय गंवाए संबंधित विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों से संपर्क किया. उनकी तत्परता के चलते कुछ ही मिनटों में फायर ब्रिगेड, पुलिस तथा बिजली विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं और आग बुझाने की कार्रवाई शुरू कर दी. समय रहते दमकल कर्मियों द्वारा आग पर काबू पाने के प्रयास किए जाने से आग को आसपास फैलने से रोकने में मदद मिली. साथ ही बिजली विभाग के दल ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए विद्युत आपूर्ति से संबंधित स्थिति को संभाला. पुलिसकर्मियों ने भी मौके पर पहुंचकर व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग किया. अचानक घर में आग लगने से नंदेश्वर परिवार में भय का माहौल बन गया था. हालांकि संबंधित विभागों के तत्काल मौके पर पहुंचने और आग बुझाने की कार्रवाई शुरू करने से बड़ी अनहोनी टल गई. यह आग शॉर्ट सर्किट से लगने का अनुमान है. इस आग से नंदेश्वर के घर का फर्नीचर, फ्रीज, अनाज समेत सारा सामान जलकर राख हो गया. आग से ढाई लाख रुपए का नुकसान होने का अनुमान है. घटना के बाद नंदेश्वर परिवार ने संकट की घड़ी में तत्काल मदद उपलब्ध कराने और संबंधित विभागों को कुछ ही मिनटों में मौके पर बुलाने के लिए पार्षद किशोर जाधव का आभार व्यक्त किया.





