राष्ट्रीय स्वच्छ हवा पुरस्कार में महाराष्ट्र का गौरव
अमरावती मनपा ने देश में तीसरा स्थान हासिल किया

* नाशिक का वार्ड क्रमांक 7 भी तृतीय
नई दिल्ली/दि.8- शहरों में वायु प्रदूषण पर नियंत्रण और हवा की गुणवत्ता में सुधार के लिए महाराष्ट्र में किए जा रहे प्रभावी उपायों को राष्ट्रीय स्तर पर सराहना मिली है. ‘स्वच्छ वायु सर्वेक्षण 2026’ के तहत 3 से 10 लाख की आबादी वाले शहरों की श्रेणी में अमरावती शहर ने देश में तीसरा स्थान हासिल किया है. इसके लिए अमरावती मनपा को 25 लाख रुपये का पुरस्कार प्रदान किया गया. वहीं, नाशिक मनपा के वार्ड क्रमांक 7 ने वार्डस्तरीय सर्वेक्षण में देश में तीसरा स्थान प्राप्त करते हुए 30 लाख रुपये का पुरस्कार हासिल किया.
नई दिल्ली स्थित इंदिरा पर्यावरण भवन के गंगा सभागृह में आयोजित राष्ट्रीय स्वच्छ हवा पुरस्कार समारोह में विजेताओं को सम्मानित किया गया. राष्ट्रीय हरित अधिकरण के अध्यक्ष न्यायमूर्ति प्रकाश श्रीवास्तव की प्रमुख उपस्थिति में आयोजित कार्यक्रम में वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग के अध्यक्ष राजेश वर्मा, पर्यावरण सचिव तन्मय कुमार, केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण मंडल के अध्यक्ष डॉ. अमनदीप गर्ग सहित केंद्र एवं राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे.
* अमरावती मनपा की उल्लेखनीय उपलब्धि
3 से 10 लाख आबादी वाले शहरों की श्रेणी में वायु गुणवत्ता सुधार के लिए किए गए उल्लेखनीय कार्यों के चलते अमरावती ने राष्ट्रीय स्तर पर तीसरा स्थान प्राप्त किया. अमरावती को 25 लाख रुपये का पुरस्कार प्रदान किया गया. महापौर श्रीचंद तेजवानी और मनपा आयुक्त डॉ. मंगेश गोंदावले ने मान्यवरों के हाथों यह पुरस्कार स्वीकार किया.
* नाशिक के वार्ड क्रमांक 7 को भी राष्ट्रीय सम्मान
30 हजार से अधिक आबादी वाले वार्डों की श्रेणी में नाशिक मनपा के वार्ड क्रमांक 7 ने देश में तीसरा स्थान प्राप्त किया. इस उपलब्धि के लिए वार्ड को 30 लाख रुपये का पुरस्कार दिया गया. नाशिक की महापौर हिमगौरी आडके, उपमहापौर विलास शिंदे, अमित रंजन सहित प्रतिनिधियों ने पुरस्कार स्वीकार किया.
* अमरावती के वार्ड क्रमांक 12 का भी चयन
‘स्वच्छ वायु सर्वेक्षण 2026’ में राज्यस्तरीय उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए महाराष्ट्र के पुणे के वार्ड क्रमांक 4 और 7 तथा अमरावती के वार्ड क्रमांक 12 का चयन किया गया है. इन वार्डों में वायु गुणवत्ता सुधार और प्रदूषण नियंत्रण के लिए आवश्यक उपायों को लागू करने हेतु राज्य सरकार की ओर से निधि उपलब्ध कराई जाएगी. साथ ही इन वार्डों को विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा.
* देश के उत्कृष्ट शहर भी सम्मानित
10 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों की श्रेणी में उत्तर प्रदेश के लखनऊ ने प्रथम, मध्य प्रदेश के इंदौर ने द्वितीय और जबलपुर ने तृतीय स्थान हासिल किया. 3 से 10 लाख आबादी वाले शहरों में ओडिशा के राउरकेला ने प्रथम, जबकि फिरोजाबाद और गुंटूर ने संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान प्राप्त किया. तीन लाख से कम आबादी वाली श्रेणी में कलिंग नगर, अंगुल और तालचेर ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान हासिल किया. राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शहरों को कुल 5 करोड़ 25 लाख रुपये, जबकि उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले वार्डों को 2 करोड़ 70 लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई. यह राशि संबंधित शहरों और वार्डों में वायु प्रदूषण नियंत्रण, हवा की गुणवत्ता सुधारने तथा स्वच्छ हवा से संबंधित विभिन्न उपायों पर खर्च की जाएगी.





