अमरावती के अभियांत्रिकी छात्र की पुणे में सड़क हादसे में मौत
दो दिन पहले खरीदी गई बाइक से राइड पर निकला था अर्पित

* गणेशोत्सव के लिए शनिवार को आने वाला था घर
अमरावती/दि.9- शहर के चिमोटे लेआउट निवासी और संत गाडगे बाबा अमरावती विश्वविद्यालय में अधिकारी पद पर कार्यरत प्रवीण येवतीकर के पुत्र अर्पित येवतीकर की पुणे में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई. हादसा मंगलवार देर रात करीब 2 बजे हुआ. अर्पित पुणे में इंजीनियरिंग के तृतीय वर्ष की पढ़ाई कर रहा था.
जानकारी के मुताबिक अर्पित अपने एक मित्र की करीब 3 लाख रुपये कीमत की बाइक लेकर राइड पर निकला था. यह बाइक उसके मित्र ने महज दो दिन पहले ही खरीदी थी. रात करीब 2 बजे अचानक सामने एक टिप्पर आ जाने से बाइक की उसकी टक्कर हो गई. हादसा इतना भीषण था कि अर्पित गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसे के बाद उसे तत्काल नजदीकी अस्पताल में उपचार के लिए ले जाया गया. हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. रात करीब 2.30 बजे अस्पताल के डॉक्टरों ने फोन कर अर्पित के पिता प्रवीण येवतीकर को हादसे की जानकारी दी. बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा.
* गणेशोत्सव के लिए घर आने वाला था अर्पित
परिवार के अनुसार, अर्पित आगामी शनिवार को गणेशोत्सव के लिए पुणे से अमरावती आने वाला था. परिवार और परिजन उसके घर लौटने का इंतजार कर रहे थे, लेकिन इससे पहले ही उसकी मौत की दुखद खबर आ गई. अर्पित की आकस्मिक मौत से परिवार, मित्रों और परिचितों में शोक की लहर फैल गई है.
* पोस्टमार्टम के बाद अमरावती लाया जाएगा पार्थिव
हादसे के बाद पुणे में अर्पित के शव का पोस्टमार्टम किया जाएगा. इसके बाद बुधवार दोपहर के बाद उसका पार्थिव अमरावती लाए जाने की संभावना है. परिवार की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, पार्थिव शरीर अमरावती पहुंचने के बाद अंतिम यात्रा चिमोटे लेआउट स्थित गोंडबाबा मंदिर के पीछे, गुणवंत लॉन के सामने स्थित निवास स्थान से निकाली जाएगी.
* विश्वविद्यालय अधिकारी के पुत्र की मौत से शोक
अर्पित के पिता प्रवीण येवतीकर संत गाडगे बाबा अमरावती विश्वविद्यालय में अधिकारी के रूप में कार्यरत हैं. अर्पित इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर अपने करियर को आकार देने में जुटा था. युवा उम्र में हुए इस दर्दनाक हादसे ने परिवार और परिचितों को गहरे सदमे में डाल दिया है.
* आज शाम अंतिम संस्कार
पुणे के अस्पताल में पोस्टमार्टम होने के बाद आज बुधवार 9 सितंबर को दोपहर में अर्पित का पार्थिव अमरावती लाया जाने वाला है. पश्चात चिमोटे लेआउट दस्तूर नगर स्थित उनके निवासस्थान से अंतिम यात्रा निकाली जाएगी. इस घटना के कारण चिमोटे लेआउट परिसर और विद्यापीठ में शोक व्याप्त है.





