लालखड़ी में कटाई के लिए बांधे गए 21 मवेशी बरामद

क्राइम ब्रांच की छापेमारी से मचा हड़कंप

* 10 गाय और 11 बैल सुरक्षित, दो आरोपी फरार
अमरावती /दि.8- अमरावती शहर में अवैध कारोबारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए क्राइम ब्रांच, यूनिट क्रमांक 1 की टीम ने लालखड़ी परिसर में छापा मारकर कटाई के लिए अमानवीय तरीके से बांधकर रखे गए 21 मवेशियों को बरामद कर उनकी जान बचाई. इनमें 10 गाय और 11 बैल शामिल हैं. पुलिस ने बरामद मवेशियों की अनुमानित कीमत करीब 3 लाख 30 हजार रुपए बताई है.
जानकारी के अनुसार, 8 अक्टूबर को क्राइम ब्रांच की टीम वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर आयुक्तालय क्षेत्र में अवैध धंधों और अपराधियों की तलाश में गश्त कर रही थी. इसी दौरान पुलिस को गुप्त मुखबिर से सूचना मिली कि लालखड़ी क्षेत्र में एक प्लॉट पर बने टिन शेड में कटाई के लिए मवेशियों को रखा गया है. सूचना की पुष्टि करने के बाद मनपा के पशु चिकित्सा अधिकारी को कार्रवाई में शामिल किया गया. क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंची तो प्लॉट पर टिन शेड दिखाई दिया. पशु चिकित्सा अधिकारी ने जांच की तो शेड के अंदर 11 मवेशियों को बेहद छोटी रस्सियों से बांधकर रखा गया था. पुलिस के अनुसार, मवेशियों को चारा-पानी उपलब्ध नहीं था और कुछ मवेशी घायल अवस्था में मिले.
* शेड के पीछे भी 10 मवेशी बंधे मिले
जांच के दौरान शेड के पीछे खुले स्थान पर भी 10 मवेशियों को छोटी रस्सियों से बांधकर रखा गया मिला. इस तरह मौके से कुल 21 मवेशी-10 गाय और 11 बैल बरामद किए गए. पुलिस ने पंचों की मौजूदगी में इन मवेशियों को जब्त किया. बरामद सभी 21 मवेशियों को उनकी देखभाल एवं सुरक्षा के लिए गौरक्षा संस्थान, दस्तूरनगर, अमरावती भेज दिया गया.
* दो आरोपी फरार
इस मामले में पुलिस ने गवलीपुरा निवासी अनिक कुरैशी और अतीक कुरैशी को आरोपी बनाया है. दोनों फिलहाल फरार बताए गए हैं. उनके खिलाफ नागपुरी गेट पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है. क्राइम ब्रांच ने कार्रवाई में करीब 3 लाख 30 हजार रुपए कीमत के 21 मवेशी जब्त किए हैं.

Back to top button