रबी सत्र से पहले ओवरलोड ट्रांसफॉर्मर तत्काल अपग्रेड करें
किसानों को सुबह 6 से शाम 6 बजे तक निर्बाध बिजली दें

* अपर वर्धा बांध से नहर में छोड़ा गया पानी
* सिंचाई के लिए बिजली आपूर्ति सुचारु रखने की तिवसा तहसील कांग्रेस की मांग
अमरावती/दि.8- अपर वर्धा बांध से रबी सीजन के लिए नहर में पानी छोड़ा गया है. ऐसे में पानी उपलब्ध होने के बावजूद बिजली आपूर्ति में बाधा के कारण किसान सिंचाई से वंचित न रहें, इसके लिए महावितरण प्रशासन को तत्काल आवश्यक उपाययोजना करनी चाहिए. यह मांग तिवसा तहसील कांग्रेस कमेटी की ओर से अतिरिक्त कार्यकारी अभियंता सुधीर गिरी को सौंपे गए ज्ञापन में की गई.
तहसील कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों ने सुधीर गिरी से मुलाकात कर बताया कि तिवसा शहर और तहसील के सभी कृषि फीडरों पर अतिरिक्त भार वाले ट्रांसफॉर्मरों की तत्काल जांच की जाए. जिन ट्रांसफॉर्मरों पर क्षमता से अधिक भार है, उनका अपग्रेडेशन किया जाए तथा आवश्यकता वाले स्थानों पर नए ट्रांसफॉर्मर मंजूर कर स्थापित किए जाएं.
* लोडशेडिंग और ट्रिपिंग की समस्या दूर करने की मांग
कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा कि जिन क्षेत्रों में लोडशेडिंग अथवा बार-बार बिजली ट्रिपिंग की समस्या है, वहां किसानों की सिंचाई की आवश्यकता को देखते हुए सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे तक पूर्ण क्षमता से बिजली आपूर्ति की जाए. रबी सीजन के दौरान फसलों की सिंचाई के लिए पर्याप्त बिजली उपलब्ध होना बेहद जरूरी है. उन्होंने कहा कि वर्तमान में सूखे जैसी परिस्थितियों के बीच अपर वर्धा बांध से मिलने वाला पानी सीमित अवधि के लिए है. ऐसे में किसानों को उपलब्ध पानी का अधिकतम उपयोग करने के लिए बिजली आपूर्ति लगातार और सुचारु रहना आवश्यक है.
* ट्रांसफॉर्मरों की निगरानी के लिए दक्षता समिति गठित करने की मांग
कांग्रेस ने ओवरलोड ट्रांसफॉर्मरों की जांच, नियमित देखभाल और आवश्यक मरम्मत का काम युद्धस्तर पर पूरा करने के लिए विशेष दक्षता समिति गठित करने की भी मांग की. साथ ही स्थिति की गंभीरता को देखते हुए संबंधित उपकार्यकारी अभियंताओं को आवश्यक विशेष अधिकार देकर तत्काल निर्णय लेने की कार्रवाई करने की मांग की गई. इस अवसर पर नगरसेवक एवं तहसील अध्यक्ष वैभव वानखड़े, खरीद-बिक्री संघ के संचालक रवींद्र हांडे, युवक कांग्रेस सचिव रितेश पांडव, प्रफुल्ल देशमुख, नगरसेवक किशन मुंदाणे, जितेंद्र ठाकुर, नगरसेवक अमर वानखड़े, विश्वजीत बाखड़े, नितीन अर्डक, प्रणव गौरखेड़े, सुनील उतखेडे, उमेश राऊत, गजानन भोंबे, गौरव चौधरी, आकाश मकेश्वर सहित कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे.





