दर्यापुर में ज्वेलर दुकान लूटने वाले गैंग पर लगा ‘मकोका’
बंदूक की नोक पर लूटा था सोना-चांदी

अमरावती/दि.8 – दर्यापुर में बंदूक की नोक पर ज्वेलरी दुकान को निशाना बनाकर सोने-चांदी के आभूषण लूटने वाले गिरोह के खिलाफ अमरावती ग्रामीण पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (मकोका) का शिकंजा कस दिया है. स्थानीय अपराध शाखा की जांच में गिरोह के सदस्यों के खिलाफ विभिन्न जिलों में गंभीर आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आने के बाद यह कार्रवाई की गई.
* बंदूक दिखाकर ज्वैलरी दुकान में डाली थी डकैती
1 अगस्त को दर्यापुर निवासी गोविंद गजानन माहोरे की ज्वैलरी दुकान में बंदूक की नोक पर सोने-चांदी के आभूषण लूट लिए गए थे. मामले की गंभीरता को देखते हुए अमरावती ग्रामीण की स्थानीय अपराध शाखा ने समानांतर जांच शुरू की. जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों की पहचान करते हुए जितेंद्र मंसाराम चव्हाण (उमरी, अकोट), शुभम संतोष चांदुरकर (वाडी, खामगांव) और अजय मोहन तायडे (खामगांव) को गिरफ्तार किया. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट का माल भी बरामद किया है. इस मामले में विश्वजीत विट्ठलसिंह सिसोदे (खामगांव) और दिनेश उर्फ दिनकर अप्पा नराले (सातारा) के नाम भी सामने आए हैं.
* अलग-अलग जिलों में दर्ज हैं गंभीर मामले
पुलिस द्वारा आरोपियों की आपराधिक पृष्ठभूमि की जांच किए जाने पर उनके खिलाफ विभिन्न जिलों में गंभीर अपराध दर्ज होने की जानकारी सामने आई. पुलिस के अनुसार, आरोपी कथित तौर पर अपने साथियों के साथ मिलकर लंबे समय से संगठित आपराधिक गतिविधियों में लिप्त थे. पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि गिरोह द्वारा हिंसा, धमकी, दबाव अथवा अन्य गैरकानूनी तरीकों का इस्तेमाल कर आपराधिक गतिविधियां संचालित की जाती थीं. इन गतिविधियों के पीछे आर्थिक तथा अन्य लाभ हासिल करना और क्षेत्र में दबदबा कायम करना उद्देश्य बताया गया है.
* मकोका लगाने को मिली मंजूरी
गिरोह की आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए अमरावती ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम ने दर्यापुर पुलिस को मकोका के तहत कार्रवाई के निर्देश दिए थे. इसके बाद दर्यापुर पुलिस थाने ने डकैती के मामले और शस्त्र अधिनियम के तहत दर्ज अपराध के आधार पर मकोका की धारा 23(1)(ए) के तहत कार्रवाई का प्रस्ताव तैयार किया. यह प्रस्ताव विशेष पुलिस महानिरीक्षक डॉ. महेश पाटिल के समक्ष प्रस्तुत किया गया. प्रस्ताव की जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ मकोका की धारा 23(1)(ए) लागू करने की मंजूरी प्रदान की गई.
* ग्रामीण पुलिस का अपराधियों को कड़ा संदेश
मकोका के तहत कार्रवाई के बाद अमरावती ग्रामीण पुलिस ने संगठित अपराध में शामिल गिरोहों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है. पुलिस का कहना है कि संगठित तरीके से अपराध करने वाले गिरोहों की गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए कानून के तहत कठोर कार्रवाई जारी रहेगी. यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दत्ता तोटेवाड़, दर्यापुर के उपविभागीय पुलिस अधिकारी सतीश कुलकर्णी, ग्रामीण अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक अशोक लांडे, दर्यापुर के तत्कालीन थानेदार अजीत राठौड़, सहायक पुलिस निरीक्षक विशाल रोकड़े तथा पुलिस अंमलदार अमोल देशमुख के मार्गदर्शन में की गई.





