दस्तुर नगर के पास युवक का शव मिलने से सनसनी

भानखेड़ा निवासी 38 वर्षीय सुनील भगवान शिंदे की हुई पहचान

* प्रारंभिक जांच में बीमारी के चलते मौत की आशंका
* पहले हत्या की आशंका से मचा था जबरदस्त हडकंप
* राजापेठ व अपराध शाखा पुलिस जुटी मामले की जांच में
अमरावती/दि.8- स्थानीय दस्तुर नगर चौक के पास गुरुवार सुबह एक युवक का शव मिलने से परिसर में हड़कंप मच गया. मृतक की पहचान भानखेड़ा निवासी 38 वर्षीय सुनील भगवान शिंदे के रूप में हुई है. आज सुबह दस्तुर नगर परिसर में अज्ञात युवक का खून से लथपथ शव पडा दिखाई देने की जानकारी मिलते ही यह आशंका जताई गई कि, संभवतः यह हत्या का मामला है. जिसके चलते पूरे परिसर में अच्छा-खासा हडकंप व्याप्त हो गया. हालांकि कुछ देर बाद माजरा स्पष्ट होने पर प्रारंभिक अनुमान जताया गया कि, संभवतः उस युवक की जान किसी गंभीर बीमारी से ग्रसीत रहने के चलते गई और तीन घंटे तक एक ही स्थान पर पडे रहकर तडपने के बाद उस युवक की मौत हो गई.
पुलिस सुत्रों के जरीए पता चला कि, सुनील मिक्सर रिपेयरिंग का काम करता था और बुधवार सुबह करीब 9 बजे हमेशा की तरह काम की तलाश में घर से अमरावती आया था. देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला. इसके बाद गुरुवार सुबह दस्तुर नगर चौक के पास उसका शव पड़ा मिला. शव मिलने के बाद प्रारंभिक तौर पर घटना को लेकर संदेह निर्माण हुआ. सुनील के शरीर के निचले हिस्से पर खून लगा हुआ था. हालांकि, पुलिस की जांच और सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद मामले की तस्वीर अलग नजर आई. परिजनों से हुई बातचीत में यह भी जानकारी सामने आई कि सुनील को पहले से लीवर संबंधी तकलीफ तथा पेट फूलने की समस्या थी.
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बुधवार दोपहर तक सुनील अपने कुछ दोस्तों के साथ दस्तुर नगर चौक परिसर में ही था. बाद में उसके दोस्त वहां से चले गए. इसके पश्चात सुनील की तबीयत बिगड़ने लगी और वह कथित तौर पर करीब तीन घंटे तक एक ही स्थान पर पड़ा रहा. इसी दौरान उसके शरीर से रक्तस्राव होने की जानकारी सामने आई है. इसके चलते उसके कपड़े खून से सन गए थे. काफी समय तक उसी अवस्था में पड़े रहने के बाद उसकी मौत होने की आशंका व्यक्त की जा रही है. हालांकि, मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा. पुलिस ने इस दिशा में भी जांच शुरू कर दी है.
घटना की जानकारी मिलते ही राजापेठ पुलिस थाने का दल तथा अपराध शाखा के अधिकारी मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल का पंचनामा किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. साथ ही घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच की गई. गुरुवार सुबह शव मिलने की खबर फैलते ही दस्तुर नगर चौक परिसर में बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए. घटना को लेकर कुछ समय तक परिसर में जबरदस्त हड़कंप की स्थिति रही. समाचार लिखे जाने तक पुलिस की जांच जारी थी और पोस्टमार्टम रिपोर्ट की प्रतीक्षा की जा रही थी.

Back to top button