अगर बंद पडा है ट्रांसफॉर्मर तो फोटो खींचकर महाविरण को भेजें
अमरावती और यवतमाल के लिए विशेष वाट्स एप सेवा शुरु

* हर जिले को मिले 1,000 अतिरिक्त ट्रांसफार्मर
अमरावती/दि.10 – सूखे जैसी स्थिति में किसानों और आम बिजली उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए महावितरण के अमरावती परिमंडल ने खराब या बंद पडे ट्रांसफार्मर (रोहित्र) की शिकायत दर्ज कराने के लिए विशेष वाट्सएप सेवा शुरु की है. अब उपभोक्ता ट्रांसफार्मर का फोटो खींचकर संबंधित जिले के वाट्सएप नंबर पर भेज सकेंगे. इससे मरम्मत और ट्रांसफार्मर बदलने की प्रक्रिया तेज होने की उम्मीद है. महावितरण के मुख्य अभियंता दिलीप दोडके ने बताया कि, अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक लोकेश चंद्र के निर्देशानुसार यह पहल की गई है. इसके तहत अमरावती जिले के लिए 7875390223 और यवतमाल जिले के लिए 7875300340 वाट्सएप नंबर जारी किए गए है.
* फोटो के साथ पूरा पता देना जरुरी
उपभोक्ताओं को खराब ट्रांसफार्मर का फोटो भेजते समय उसका नाम, स्थान और विस्तृत पता भी देना होगा. इससे संबंधित ट्रांसफार्मर की सही लोकेशन का पता लगाकर शिकायत तत्काल संबंधित विभाग तक पहुंचाई जा सकेगी. इसके बाद मरम्मत या ट्रांसफार्मर बदलने की कार्रवाई की जाएगी. इसके अलावा महावितरण के मोबाइल एप पर भी शिकायत दर्ज कराने की सुविधा उपलब्ध है. उपभोक्ता ग्राहक क्रमांक से लॉगिन करके या गेस्ट के रुप में फोटो अपलोड कर शिकायत कर सकते हैं.
* किसानों को राहत देने की तैयारी
अधीक्षक अभियंता दीपक देवहाते और रूपेश टेंभुर्णे बिजली आपूर्ति और ट्रांसफार्मरों की स्थिति की रोजाना समीक्षा कर रहे हैं. सूखे की स्थिति को देखते हुए अमरावती और यवतमाल, प्रत्येक जिले को 1,000 अतिरिक्त ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराए गए हैं. महावितरण ने किसानों और अन्य उपभोक्ताओं को सुचारु बिजली आपूर्ति देने के लिए पूरी व्यवस्था तैयार रखने की बात कही है.





