‘पस्ती से पुस्तक’ अभियान में 116 किलो रद्दी दान
महात्मा फुले विद्यालय व कनिष्ठ महाविद्यालय

अमरावती/दि.10 – जरूरतमंद एवं असहाय बच्चों की शैक्षणिक सहायता के उद्देश्य से अर्हम युवा सेवा ग्रुप, अमरावती द्वारा राष्ट्रसंत परम नम्रमुनि गुरुदेव की प्रेरणा, आशीर्वाद एवं कृपा से ‘पस्ती से पुस्तक’ अभियान चलाया जा रहा है. इस अभियान के माध्यम से पुरानी रद्दी के सदुपयोग द्वारा जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा में सहयोग प्रदान किया जाता है. इसी सेवाभावी पहल में सहभागिता दर्शाते हुए महात्मा फुले विद्यालय व कनिष्ठ महाविद्यालय, मुधोळकर पेठ, अमरावती के विद्यार्थियों एवं शिक्षकवृंद ने सामूहिक रूप से 116 किलो रद्दी दान कर समाज के प्रति अपनी संवेदनशीलता एवं सेवा भावना का परिचय दिया.
विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती वृषाली विजयराव टाकरखेडे के मार्गदर्शन में आयोजित इस सेवा कार्य में शिक्षक मंगेश गोरडे, गजानन पोटदुखे, जयश्री राऊत, अमोल इंगले, अनिल मावसकर एवं पूजा सिंग तथा शिक्षकेतर कर्मचारी किसन चव्हाण सहित विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की.
इस अवसर पर अर्हम युवा सेवा ग्रुप, अमरावती की ओर से अर्हम सेवक श्री निमिष भाई संघाणी ने विद्यालय की प्राचार्या, समस्त शिक्षकवृंद, शिक्षकेतर कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया तथा उनके उदार सहयोग एवं सेवाभावी भावनाओं की अनुमोदना की.





