12 एंबुलेंस का आरटीओ पासिंग पूरा, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के लिए रवाना

मेलघाट के 11 और अमरावती तहसील के एक स्वास्थ्य केंद्र को मिली एंबुलेंस

बिना नंबर प्लेट पहुंचने पर हुआ था विवाद
अमरावती /दि.10- जिला परिषद के स्वास्थ्य विभाग को प्राप्त 12 नई एंबुलेंस की आरटीओ पंजीकरण प्रक्रिया पूरी कर उन पर एचएसआरपी नंबर प्लेट लगा दी गई है. इसके बाद 1 अक्टूबर को जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रवीण पारिसे की उपस्थिति में इन एंबुलेंस को संबंधित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के लिए रवाना किया गया.
बिना नंबर प्लेट के एंबुलेंस जिला परिषद पहुंचने से दो दिन पहले विवाद उत्पन्न हुआ था. इसके बाद प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय से वाहनों का पासिंग कराया और आवश्यक प्रक्रिया पूरी की. जिला नियोजन समिति की जिला वार्षिक योजना 2025-26 के तहत जेएम पोर्टल के माध्यम से फोर्स ट्रैवलर एंबुलेंस खरीदी गई हैं. इनमें मेलघाट के 11 और अमरावती तहसील के शिराला प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की एक एंबुलेंस शामिल है. चिखलदरा तहसील के सलोना, टेब्रुसोंडा, काटकुंभ और सेमाडोह तथा धारणी तहसील के बैरागढ़, हरिसाल, साद्राबाड़ी और धुलघाट रेलवे सहित अन्य स्वास्थ्य केंद्रों को ये एंबुलेंस उपलब्ध कराई गई हैं. जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रवीण पारिसे ने बताया कि इससे ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों में मरीजों को समय पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी.

Back to top button