प्रबोधन विद्यालय में विद्यार्थियों ने सीखे साइबर सुरक्षा के पाठ

उपविभागीय पुलिस अधिकारी सतीश कुलकर्णी की उपस्थिति में विद्यार्थियों ने ली साइबर सुरक्षा की शपथ

दर्यापुर/दि.10 – डिजिटल युग में विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करना आवश्यक है. इसी उद्देश्य से महाराष्ट्र पुलिस और प्रबोधन विद्यालय व कनिष्ठ महाविद्यालय, दर्यापुर के संयुक्त तत्वावधान में डिजिटल साक्षरता एवं साइबर सुरक्षा पर जनजागृति कार्यक्रम आयोजित किया गया. इसमें उपविभागीय पुलिस अधिकारी सतीश कुलकर्णी ने विद्यार्थियों को इंटरनेट, मोबाइल और आधुनिक तकनीक का सुरक्षित उपयोग करने का मार्गदर्शन दिया. कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने साइबर सुरक्षा की शपथ ली.
कार्यक्रम में दर्यापुर पुलिस थाने के प्रभारी अधिकारी सोनवणे सहित पुलिस कर्मचारी उपस्थित थे. आधुनिक तकनीक और इंटरनेट के बढ़ते उपयोग के बीच साइबर अपराधों के विभिन्न तरीकों, ऑनलाइन धोखाधड़ी तथा उनसे बचने के उपायों की जानकारी डिजिटल प्रभावों और स्लाइड शो के माध्यम से दी गई. कुलकर्णी ने कहा कि आज की जेनरेशन अल्फा के लिए साइबर सुरक्षा को समझना और डिजिटल दुनिया में सतर्क रहना बेहद जरूरी है.
कार्यक्रम की अध्यक्षता विदर्भ प्रबोधन मंडल के अध्यक्ष जयसिंग शशिकुमार देशमुख ने की, जबकि मंडल की कार्यकारिणी के अध्यक्ष एड. संतोष धर्माधिकारी प्रमुख अतिथि के रूप में उपस्थित थे. विद्यालय के प्राचार्य नरेंद्र गोंडणे ने प्रास्ताविक में डिजिटल साक्षरता को समय की आवश्यकता बताते हुए विद्यार्थियों के पाठ्यक्रम में आधुनिक तकनीक, डिजिटल साक्षरता और साइबर सुरक्षा से संबंधित विषयों को शामिल करने की जरूरत पर जोर दिया. अध्यक्षीय संबोधन में जयसिंग देशमुख ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता के मौजूदा दौर में मानवीय जीवन पर पड़ने वाले प्रभावों और उनसे निपटने के उपायों पर विचार रखे.
कार्यक्रम का संचालन क्रीड़ा शिक्षक प्रा. निखिल बुंदिले ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन मनोज इंदोरे ने किया.

Back to top button