ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर चिखलदरा में पुतला दहन
युवक कांग्रेस का आरोप-एसआईआर प्रक्रिया में अनियमितताएं कर भाजपा सरकार को सत्ता में लाने में मदद की

* इस्तीफा नहीं होने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी
अमरावती/दि.10 – एसआईआर प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर अमरावती जिला युवक कांग्रेस की ओर से चिखलदरा में विरोध प्रदर्शन किया गया. इस दौरान सरकार और ज्ञानेश कुमार के प्रतीकात्मक पुतलों का दहन कर तीव्र निषेध व्यक्त किया गया. आंदोलनकारियों ने आरोप लगाया कि एसआईआर प्रक्रिया में गड़बड़ियां कर भाजपा सरकार को सत्ता में लाने में मदद की गई. हालांकि, ये आरोप युवक कांग्रेस की ओर से लगाए गए हैं.
अमरावती जिला युवक कांग्रेस अध्यक्ष राहुल येवले ने कहा कि सरकार लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने वाले विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि ज्ञानेश कुमार को बचाने का काम किया जा रहा है. येवले ने मांग की कि ज्ञानेश कुमार तत्काल अपने पद से इस्तीफा दें और एसआईआर प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच की जाए.
* इस्तीफा होने तक जिलेभर में आंदोलन जारी रखने की चेतावनी
राहुल येवले ने स्पष्ट किया कि जब तक ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा नहीं होता, तब तक अमरावती जिले में आंदोलन जारी रहेगा. युवक कांग्रेस ने एसआईआर प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनता के विश्वास को बनाए रखने की मांग की. चिखलदरा में हुए इस प्रदर्शन के माध्यम से युवक कांग्रेस ने केंद्र सरकार और निर्वाचन व्यवस्था के प्रति अपना विरोध जताया तथा अपनी मांगों को लेकर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी. आंदोलन में युवक कांग्रेस के पदाधिकारी व कार्यकर्ता बडी संख्या में उपस्थित थे.





