नितीन देशमुख के कथित आपत्तिजनक बयान पर भाजपा का विरोध

पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले के खिलाफ टिप्पणी का मामला

* भाजपा ने जांच कर कानूनी कार्रवाई की मांग की
अमरावती/दि.10 – बालापुर के विधायक नितीन देशमुख द्वारा महाराष्ट्र के राजस्व मंत्री एवं अमरावती जिले के पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले के संबंध में कथित अपमानजनक बयान दिए जाने के मामले में भाजपा अमरावती शहर जिला इकाई ने तीव्र विरोध जताया है. भाजपा ने इस प्रकरण की गहन जांच कर संबंधित विधायक के खिलाफ कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई करने की मांग की है. इस संबंध में भाजपा के पदाधिकारियों ने शहर जिला अध्यक्ष डॉ. नितीन धांडे के नेतृत्व में संबंधित प्रशासन को ज्ञापन सौंपा.
भाजपा की ओर से दिये गये ज्ञापन के मुताबिक 7 अक्टूबर को सोशल मीडिया पर प्रसारित एक वीडियो में विधायक नितीन देशमुख द्वारा बालापुर स्थित एक सरकारी कार्यालय में जाकर राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले के संबंध में कथित तौर पर आपत्तिजनक और अपमानजनक टिप्पणी करते दिखाई देने का दावा किया गया है. भाजपा ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में जनप्रतिनिधियों को अपने पद की गरिमा, सार्वजनिक शिष्टाचार और लोकतांत्रिक व्यवस्था में एक-दूसरे के प्रति सम्मान का ध्यान रखना चाहिए. पार्टी ने संबंधित बयान की सत्यता की जांच कर कानून के अनुसार उचित कार्रवाई करने की मांग की.
* लोकतंत्र में मतभेद स्वीकार्य, लेकिन मर्यादा जरूरी
भाजपा ने अपने बयान में कहा कि लोकतंत्र में वैचारिक मतभेद होना स्वाभाविक है, लेकिन किसी व्यक्ति की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने वाली टिप्पणियां उचित नहीं हैं. पार्टी के अनुसार, राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले राज्य में राजस्व प्रशासन को अधिक गतिशील, पारदर्शी और जनोन्मुख बनाने के लिए विभिन्न निर्णय ले रहे हैं. भाजपा ने प्रशासन से इस मामले को गंभीरता से लेने और संबंधित बयान की निष्पक्ष जांच करने की मांग की. साथ ही चेतावनी दी कि यदि उचित कार्रवाई नहीं की गई, तो पार्टी न्याय की मांग को लेकर लोकतांत्रिक तरीके से तीव्र आंदोलन करेगी.
* डॉ. नितीन धांडे के नेतृत्व में सौंपा ज्ञापन
भाजपा अमरावती शहर जिला अध्यक्ष डॉ. नितीन धांडे के नेतृत्व में ज्ञापन सौंपते समय महापौर श्रीचंद तेजवानी, भाजपा विदर्भ विभाग संयोजक प्रा. दिनेश सूर्यवंशी, प्रदेश प्रवक्ता शिवराय कुलकर्णी, भाजपा नेता किरण पातुरकर, रवींद्र खांडेकर, मनपा सभागृह नेता चेतन गावंडे, शहर जिला महामंत्री बादल कुलकर्णी और चेतन पवार प्रमुख रूप से उपस्थित थे. इसके अलावा मंडल अध्यक्ष अभिजीत वानखडे, संतोष कावरे, विनोद ठोसर, प्रफुल्ल बोके, उमेश निलगिरे, भारती गुहे, मोर्चा अध्यक्ष सुधा तिवारी, कुणाल टिकले, विक्की शर्मा, सुधीर थोरात, पूर्व महापौर संजय नरवणे, नगरसेवक आशीष अतकरे, सुरेखा लुंगारे, लता देशमुख, विनोद तांबवे, सुनीता लोणारे, कौशिक अग्रवाल, राजू मेटे, शैलेंद्र मिश्रा, सुनील खराटे, राजेश आखेगावकर, श्रीकांत धानोरकर, डॉ. प्रताप तिडके, बलदेव बजाज, विशाल कुलकर्णी, अलका सप्रे, तृप्ति वाट, विनीता चव्हाण सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे. भाजपा की मांग है कि संबंधित वीडियो और बयान की सत्यता की जांच कर दोष सिद्ध होने पर कानून के अनुसार कार्रवाई की जाए.

Back to top button