बडनेरा में तड़ीपार और आदतन अपराधियों पर कार्रवाई की मांग
पुलिस आयुक्त राकेश ओला को सौंपा ज्ञापन

* अवैध हथियार, गुंडागर्दी और नशे के कारोबार पर रोक लगाने की अपील
अमरावती/दि.10 – बडनेरा शहर में कथित बढ़ती गुंडागर्दी, तड़ीपार व्यक्तियों की आवाजाही, अवैध हथियारों, शराब बिक्री, नशीले पदार्थों और वरली मटका जैसे गैरकानूनी कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए नगरसेवक एवं नगरसेविकाएं एकजुट हुए हैं. इस संबंध में पुलिस आयुक्त राकेश ओला को ज्ञापन सौंपकर सख्त कार्रवाई की मांग की गई.
ज्ञापन में पुरानी और नई बस्ती में नागरिकों को धमकाने, मारपीट, सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर हंगामा करने तथा अवैध हथियार लेकर घूमने जैसी कथित गतिविधियों पर चिंता जताई गई. साथ ही तड़ीपारी के आदेशों का उल्लंघन करने वाले व्यक्तियों की जांच, अवैध कारोबार पर रोक और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की गई. नगरसेवकों ने महिलाओं, विद्यार्थियों, व्यापारियों और वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा के लिए संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ाने तथा नागरिकों की शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई करने की अपील की. इस अवसर पर युवा स्वाभिमान पार्टी के गुटनेता नाना आमले, नगरसेवक किशोर जाधव, अजय जयस्वाल, नगरसेविका गौरी मेघवानी, रजनी डोंगरे, मीरा कांबले, शैलेंद्र मेघवानी और संदीप कांबले, आनंद जोशी, नितिन मांजरे समेत अन्य लोग उपस्थित थे.





