महावितरण की सेवाओं और सौर योजनाओं का लाभ अब हर तहसील में एक ही छत के नीचे
बिजली उपभोक्ताओं के लिए ‘सेवा सेतु’ और ‘सेवा संकल्प अभियान’ शुरू, 17 अक्टूबर तक मिलेगा लाभ

अमरावती/दि.12 – बिजली उपभोक्ताओं को अधिक तेज, सरल और सुविधाजनक सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से महावितरण की ओर से राज्यभर में ‘सेवा सेतु’ और ‘सेवा संकल्प अभियान’ शुरू किया गया है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक एवं संवैधानिक पदों पर कार्यकाल के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर शुरू किए गए इन अभियानों के तहत प्रत्येक तहसील में विशेष सेवा कक्ष स्थापित किए गए हैं. यह अभियान 17 अक्टूबर 2026 तक चलाया जाएगा.
मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव तथा महावितरण के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक लोकेश चंद्र के नेतृत्व में गुरुवार, 17 सितंबर से इन दोनों अभियानों की शुरुआत हुई. मंगलवार, 22 सितंबर को महावितरण के संचालक धनंजय औंढेकर (संचालन) और राजेंद्र पवार (मानव संसाधन) ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अभियान के क्रियान्वयन की समीक्षा की. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए. इस अवसर पर कार्यकारी संचालक (मानव संसाधन) परेश भागवत ने अभियान की विस्तृत जानकारी दी. बैठक में कार्यकारी संचालक भुजंग खंदारे, अंकुर कावळे, सुनील काकडे, संदीप पाटील और चंद्रमणि मिश्रा सहित राज्य के मुख्य अभियंता एवं अधीक्षक अभियंता उपस्थित थे. अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के दो-दो मंडलों को विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा.
* सौर योजनाओं के लिए मौके पर ही ऑनलाइन आवेदन की सुविधा
‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत प्रत्येक तहसील में विशेष सेवा कक्ष शुरू किए गए हैं. यहां प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना, स्वयंपूर्ण महाराष्ट्र आवासीय रूफटॉप सोलर (स्मार्ट) योजना, ‘मागेल त्याला सौर कृषि पंप योजना’ और मुख्यमंत्री सौर कृषि वाहिनी योजना 2.0 के बारे में उपभोक्ताओं को मार्गदर्शन दिया जा रहा है. इन सेवा कक्षों में संबंधित योजनाओं के लिए मौके पर ही ऑनलाइन आवेदन दर्ज किए जा सकते हैं. साथ ही योजनाओं के आर्थिक लाभ, सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित करने की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज, अनुमानित खर्च और कर्ज की सुविधा के संबंध में जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है. इसके लिए स्थानीय बैंकों के प्रतिनिधियों और चयनित सूची में शामिल सौर ऊर्जा ठेकेदारों के प्रतिनिधियों के साथ सीधे संपर्क एवं समन्वय किया जा रहा है. जरूरतमंद उपभोक्ताओं को कर्ज की सुविधा उपलब्ध कराने में भी सहायता की जा रही है. सौर योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए प्रत्येक तहसील में अलग नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है. इसके अलावा, आवेदनों में पाई जाने वाली कमियों को दूर कर लंबित आवेदनों पर शीघ्र कार्रवाई की जा रही है.
* बिजली संबंधी शिकायतों का होगा त्वरित निपटारा
‘सेवा सेतु अभियान’ के तहत नए घरेलू बिजली कनेक्शन देने, खराब ट्रांसफार्मरों को बिना विलंब बदलने, बिजली बिल पर नाम में संशोधन करने और स्वीकृत विद्युत भार में बदलाव करने जैसी सेवाओं को गति दी जाएगी. इसके साथ ही बिजली बिल से संबंधित शिकायतों और लंबित मामलों का शीघ्र निपटारा करने पर जोर दिया जा रहा है. विद्युत सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए बिजली व्यवस्था में आवश्यकतानुसार स्पेसर लगाने, अन्य तकनीकी उपाय करने तथा बिजली तंत्र के रखरखाव और मरम्मत के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश क्षेत्रीय कार्यालयों को दिए गए हैं. महावितरण ने बिजली उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अपने-अपने तहसील में उपलब्ध विशेष सेवा कक्षों का लाभ उठाएं. इन दोनों अभियानों के माध्यम से बिजली संबंधी विभिन्न सेवाओं और सौर ऊर्जा योजनाओं की सुविधाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध कराई जा रही हैं.





