जिला परिषद स्कूलों की बदहाली पर कांग्रेस आक्रामक, 15 को धरना

स्थायी शिक्षक भर्ती, स्कूलों में बुनियादी सुविधाएं और सेमी-इंग्लिश पैटर्न लागू करने की मांग

शिक्षा मंत्री को भेजा ज्ञापन
मोर्शी /दि.12- अमरावती जिले की जिला परिषद स्कूलों की बदहाल स्थिति, शिक्षा की गुणवत्ता और स्कूल प्रबंधन में पारदर्शिता के मुद्दे पर मोर्शी तालुका कांग्रेस कमेटी ने शासन के खिलाफ आंदोलन की चेतावनी दी है. इन समस्याओं के समाधान के लिए महाराष्ट्र के शिक्षा मंत्री दादा भुसे को ज्ञापन भेजा गया है. साथ ही, प्राथमिक शिक्षााधिकारी, जिला परिषद अमरावती को भी ज्ञापन सौंपकर विभिन्न मांगों की ओर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया गया है. कांग्रेस ने 15 अक्टूबर 2026 को जिला परिषद अमरावती के प्राथमिक शिक्षााधिकारी कार्यालय के सामने धरना आंदोलन करने का ऐलान किया है.
कांग्रेस की ओर से दिए गए ज्ञापन में कहा गया है कि अमरावती जिले की जिला परिषद स्कूलों की स्थिति बेहद खराब हो गई है. इन स्कूलों में शैक्षणिक स्तर सुधारने और विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए शासन स्तर पर विशेष उपाययोजनाएं की जानी चाहिए. सभी स्कूलों में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ विद्यार्थियों की संख्या बढ़ाने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की गई है. ज्ञापन में कहा गया है कि जिला परिषद की किसी भी स्कूल को बंद नहीं किया जाना चाहिए. इसके बजाय ‘गांव वहां स्कूल’ की नीति लागू कर ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को उनके गांव में ही शिक्षा की सुविधा उपलब्ध कराई जाए.

* संविदा नहीं, स्थायी आधार पर हो शिक्षक भर्ती
कांग्रेस ने जिला परिषद स्कूलों में शिक्षकों की भर्ती संविदा अथवा मानदेय के आधार पर करने के बजाय स्थायी रूप से करने की मांग की है. साथ ही, शिक्षकों को सौंपे जाने वाले सभी गैर-शैक्षणिक कार्य बंद करने की मांग भी उठाई गई है. ज्ञापन में कहा गया है कि शिक्षकों पर ऑनलाइन और प्रशासनिक कार्यों का बोझ कम करने के लिए विभिन्न ऑनलाइन प्रक्रियाओं को एकीकृत किया जाए. इससे प्रशासनिक कामकाज सरल होगा और शिक्षक विद्यार्थियों की पढ़ाई पर अधिक ध्यान दे सकेंगे. इसके अलावा, 15 मार्च 2024 के संच मान्यता संबंधी शासन निर्णय को रद्द करने की मांग की गई है.

* सेमी-इंग्लिश और कौशल विकास आधारित शिक्षा की मांग
कांग्रेस ने संविधान के प्रावधानों के अनुरूप 14 वर्ष तक के प्रत्येक विद्यार्थी को मुफ्त और अनिवार्य शिक्षा उपलब्ध कराने पर जोर दिया है. जिला परिषद स्कूलों में सेमी-इंग्लिश पैटर्न लागू करने की मांग भी की गई है. इसके साथ ही जिला परिषद के अंतर्गत आने वाले आंगनवाड़ी केंद्रों में केजी-1 और केजी-2 तक की शिक्षा की व्यवस्था करने तथा स्कूलों में कौशल विकास आधारित शिक्षा शुरू करने की मांग ज्ञापन में शामिल है. कांग्रेस का कहना है कि इन उपायों से ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को शिक्षा के बेहतर अवसर मिल सकेंगे.

* मांगों की पूर्ति के लिए धरना आंदोलन
इन मांगों पर शासन का ध्यान आकर्षित करने के लिए मोर्शी तालुका कांग्रेस कमेटी की ओर से 15 अक्टूबर को जिला परिषद अमरावती के प्राथमिक शिक्षााधिकारी कार्यालय के सामने धरना आंदोलन किया जाएगा. इसकी चेतावनी ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन को दी गई है. इस अवसर पर महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के ओबीसी सेल के सचिव विपुल भडांगे, मोर्शी शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं नगर परिषद पार्षद भूषण कोकाटे, पूर्व जिप सदस्य मुरलीनाना डहाणे, सेवादल अध्यक्ष निलेश तट्टे, एड. रेश्मा डहाणे, चंद्रशेखर तरारे, विलास टिकले, विलास पवार और प्रकाश काले सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे.

Back to top button