अकोला में लूटपाट कर अमरावती की ओर भागा आरोपी गिरफ्तार

नांदगांव पेठ टोल नाके पर पुलिस की नाकाबंदी तोड़कर भागने का प्रयास

वाकी डैम के पास पकड़ा गया आरोपी, कार और पांच मोबाइल जब्त
अमरावती /दि.12- अकोला जिले में एक व्यक्ति के साथ मारपीट कर कार और मोबाइल फोन लूटने के बाद अमरावती की ओर भाग रहे आरोपी को पुलिस ने पीछा कर गिरफ्तार कर लिया. यह कार्रवाई 11 अक्टूबर 2026 को नांदगांव पेठ टोल नाके के पास की गई. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूट में इस्तेमाल की गई नहीं, बल्कि लूटकर ले जाई गई हायराइडर कार और पांच मोबाइल फोन बरामद किए हैं. आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए अकोला ग्रामीण अपराध शाखा (एलसीबी) के हवाले कर दिया गया है.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 11 अक्टूबर को अकोला स्थानीय अपराध शाखा से अमरावती पुलिस को सूचना मिली कि अकोला के गोरेगांव-पातूर मार्ग पर विकास मोकळे, निवासी मोकडेवाड़ी, अकोला के साथ चार अज्ञात लोगों ने मारपीट कर उन्हें घायल कर दिया. इसके बाद आरोपियों ने उनके कब्जे से हायराइडर कार क्रमांक एमएच 30 बीडब्ल्यू 6791 और दो मोबाइल फोन जबरन छीन लिए तथा अमरावती की दिशा में फरार हो गए.

* टोल नाके पर पुलिस की नाकाबंदी
घटना की जानकारी मिलते ही अमरावती अपराध शाखा और नांदगांव पेठ पुलिस स्टेशन के कर्मचारियों ने नांदगांव पेठ टोल नाके पर नाकाबंदी की. इस दौरान पुलिस ने संदिग्ध कार को रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोपियों ने टोल नाका तोड़कर भागने की कोशिश की. इसी दौरान एक आरोपी ने चलती कार से छलांग लगाकर फरार होने का प्रयास किया. हालांकि, पुलिस ने उसका पीछा जारी रखा और वाकी डैम के पास उसे पकड़ लिया.

* आरोपी से पांच मोबाइल और कार जब्त
गिरफ्तार आरोपी का नाम नाशिक निवासी विकी शांताराम रोकडे (25) है. पुलिस ने उसके कब्जे से लूटी गई हायराइडर कार क्रमांक एमएच 30 बीडब्ल्यू 6791 और पांच मोबाइल फोन जब्त किए हैं. पुलिस ने आरोपी और जब्त सामग्री को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए अकोला स्थानीय अपराध शाखा के सुपुर्द कर दिया है. मामले में आगे की जांच अकोला पुलिस द्वारा की जा रही है.

 

Back to top button