छत्री तालाब के पास पेड़ से लटका मिला युवक का शव
मृतक की जेब से मिला सुसाइड नोट, पत्नी पर शक होने की बात का उल्लेख

* राजापेठ पुलिस ने दर्ज किया आकस्मिक मौत का मामला
अमरावती /दि.12 – शहर के छत्री तालाब परिसर में क्रिकेट मैदान के पास एक युवक ने पेड़ पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. रविवार सुबह यह घटना सामने आने से परिसर में सनसनी फैल गई. मृतक का नाम जेवडनगर निवासी अमोल नामदेव गोले (32) है. घटनास्थल पर पहुंची पुलिस को मृतक की जेब से एक सुसाइड नोट भी मिला है.
जानकारी के मुताबिक छत्री तालाब मार्ग पर प्रतिदिन सुबह बड़ी संख्या में लोग टहलने के लिए आते हैं. रविवार सुबह भी कुछ लोग झील के पास स्थित क्रिकेट मैदान की ओर टहल रहे थे. इसी दौरान उनकी नजर पेड़ की टहनी से लटके एक युवक पर पड़ी. यह दृश्य देखकर लोग स्तब्ध रह गए. इसके बाद तत्काल राजापेठ पुलिस को घटना की सूचना दी गई. सूचना मिलते ही राजापेठ पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और पंचनामा किया. तलाशी के दौरान मृतक की जेब से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ. पुलिस के मुताबिक इस नोट में पत्नी पर संदेह होने के कारण आत्महत्या करने की बात लिखी गई थी. इसी नोट के आधार पर मृतक की शिनाख्त की गई और उसके परिजनों को घटना की जानकारी दी गई. राजापेठ पुलिस ने आकस्मिक घटना दर्ज कर आगे की जांच शुरु की है.





