विधायक किरण सरनाईक पर 41.84 लाख रुपये का कर्ज
5.77 करोड़ की अचल संपत्ति, एक वर्ष में 43.77 लाख रुपये की आय

अमरावती/दि. 12- अमरावती संभाग शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के विधायक किरणराव सरनाईक एक बार फिर चुनावी मैदान में उतरे हैं. शिंदे गुट की शिवसेना ने उन्हें दूसरी बार जीत हासिल करने के लिए उम्मीदवार बनाया है. नामांकन दाखिल करते समय प्रस्तुत किए गए शपथपत्र से उनकी आर्थिक और शैक्षणिक जानकारी सामने आई है. शपथपत्र के अनुसार, सरनाईक के नाम पर 1 करोड़ 44 लाख 57 हजार 976 रुपये की चल संपत्ति और 5 करोड़ 77 लाख 80 हजार रुपये की अचल संपत्ति दर्ज है. वहीं, उन पर दो बैंकों का कुल 41 लाख 84 हजार 964 रुपये का कर्ज भी है.
* 1.44 करोड़ रुपये की चल संपत्ति
शपथपत्र में सरनाईक की चल संपत्ति का मूल्य 1,44,57,976.01 रुपये दर्शाया गया है. उनकी अचल संपत्ति का वर्तमान बाजार मूल्य 5,77,80,000 रुपये बताया गया है. इसमें 3 करोड़ 94 लाख 80 हजार रुपये की संपत्ति के साथ 1 करोड़ 83 लाख रुपये की पैतृक संपत्ति का अलग से उल्लेख है. उनकी पत्नी के नाम पर 1 करोड़ 24 लाख 20 हजार 466.34 रुपये की चल संपत्ति और 2 करोड़ 94 लाख रुपये की अचल संपत्ति दर्ज होने की जानकारी भी शपथपत्र में दी गई है.
* दो बैंकों से लिया कर्ज
विधायक किरण सरनाईक के शपथपत्र के अनुसार, सेवा सहकारी बैंक, चिखली, तहसील रिसोड, जिला वाशिम में उनका 3 लाख रुपये का कर्ज दर्ज है. इसके अलावा अकोला जिला मध्यवर्ती सहकारी बैंक की चिखली शाखा से 38 लाख 84 हजार 964 रुपये का कर्ज लिया गया है. दोनों कर्जों को मिलाकर कुल राशि 41 लाख 84 हजार 964 रुपये होती है.
* एक वर्ष की आय 43.77 लाख रुपये
वित्तीय वर्ष 2025-26 के आयकर विवरण से संबंधित जानकारी के अनुसार, सरनाईक की आय 43 लाख 77 हजार 170 रुपये दर्ज है. वहीं, पति-पत्नी की संयुक्त आय के कॉलम में 14 लाख 14 हजार 500 रुपये की राशि का उल्लेख किया गया है.
* बीए और एलएलबी तक शिक्षा
शैक्षणिक जानकारी के अनुसार, किरण सरनाईक ने मार्च 1973 में नागपुर बोर्ड से एचएससी की परीक्षा उत्तीर्ण की. इसके बाद मार्च 1978 में नागपुर विश्वविद्यालय से बीए की डिग्री प्राप्त की और ग्रीष्मकाल 1991 में अमरावती विश्वविद्यालय से एलएलबी की पढ़ाई पूरी की.
* कोई अपराधिक मामला नहीं
शपथपत्र में लंबित आपराधिक मामलों और दोषसिद्धि वाले मामलों के संबंध में लागू नहीं होने की जानकारी भी दर्ज की गई है.





