करोड़ों रूपयों की मालकिन हैं कांग्रेस प्रत्याशी अदिति पोहरे
परिवार की कुल संपत्ति 43.81 करोड़ रुपये

* पति ऋषिकेश पोहरे के नाम भी करोड़ों की चल-अचल संपत्ति
अमरावती/दि.12– अमरावती संभाग शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में कांग्रेस की उम्मीदवार अदिति ऋषिकेश पोहरे ने अपनी संपत्ति, आय और शैक्षणिक योग्यता का ब्योरा नामांकन के साथ प्रस्तुत शपथपत्र में सार्वजनिक किया है. शपथपत्र के अनुसार, अदिति पोहरे के नाम पर 14 करोड़ 38 लाख 60 हजार 419 रुपये की चल संपत्ति और लगभग 5 करोड़ 74 लाख 30 हजार रुपये की अचल संपत्ति दर्ज है. उनके परिवार की कुल संपत्ति लगभग 43 करोड़ 81 लाख रुपये बताई गई है. उनके पति ऋषिकेश पोहरे के नाम पर भी करोड़ों रुपये की संपत्ति दर्ज है.
* अदिति पोहरे की वार्षिक आय 1.02 करोड़ रुपये
शपथपत्र में दी गई जानकारी के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2025-26 में अदिति पोहरे ने 1 करोड़ 2 लाख 92 हजार 830 रुपये की आय दर्शाई है. उनके पति ऋषिकेश प्रकाश पोहरे की इसी वित्तीय वर्ष की आय 92 लाख 26 हजार रुपये दर्ज होने की जानकारी दी गई है.
* उच्च शिक्षित हैं अदिति पोहरे
अदिति पोहरे की सर्वोच्च शैक्षणिक योग्यता मास्टर ऑफ आर्ट्स इन फिलॉसफी है. उन्होंने वर्ष 2024 में इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय से यह डिग्री प्राप्त की. इससे पहले उन्होंने वर्ष 2007 में संत गाडगे बाबा अमरावती विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ इंजीनियरिंग (एमई) और वर्ष 2005 में बैचलर ऑफ इंजीनियरिंग (बीई) की पढ़ाई पूरी की.
* परिवार के आश्रितों के नाम पर भी संपत्ति
शपथपत्र के अनुसार, हिंदू अविभाजित परिवार (एचयूएफ) के नाम पर 2 लाख 25 हजार 118 रुपये की चल संपत्ति दर्ज है. उनकी बेटी वेदिका ऋषिकेश पोहरे के नाम पर 1 करोड़ 31 लाख 9 हजार 701 रुपये, जबकि वृष्टी ऋषिकेश पोहरे के नाम पर 1 करोड़ 77 हजार 202 रुपये की चल संपत्ति दर्शाई गई है.
* पति ऋषिकेश पोहरे के नाम 16.71 करोड़ की चल संपत्ति
ऋषिकेश पोहरे के नाम पर 16 करोड़ 71 लाख 60 हजार 453 रुपये की चल संपत्ति दर्ज है. उनकी अचल संपत्ति का अनुमानित बाजार मूल्य 4 करोड़ 62 लाख 76 हजार रुपये बताया गया है. इसमें स्वयं अर्जित संपत्ति के साथ विरासत में प्राप्त संपत्ति का भी उल्लेख है.
* अदिति पर 25.25 लाख, पति पर 1.18 करोड़ रुपये का कर्ज
शपथपत्र में अदिति पोहरे के नाम पर बैंकों, वित्तीय संस्थाओं और अन्य स्रोतों से 25 लाख 25 हजार 803 रुपये का कर्ज दर्ज है. उनके पति ऋषिकेश पोहरे के नाम पर 1 करोड़ 18 लाख 74 हजार 268 रुपये की देनदारी का उल्लेख किया गया है. इसके अतिरिक्त, विवादित देनदारियों के कॉलम में उनके नाम पर 1 करोड़ 37 लाख 12 हजार 990 रुपये की अलग राशि दर्ज होने की जानकारी दी गई है.
* कोई लंबित आपराधिक मामला नहीं
शपथपत्र के सारांश के अनुसार, अदिति पोहरे के विरुद्ध कोई लंबित आपराधिक मामला दर्ज नहीं है. साथ ही, किसी भी मामले में उन्हें दोषी ठहराए जाने की जानकारी भी शपथपत्र में नहीं दी गई है.





