यशवंत बहाड़े ने संभाला गुगामल वन्यजीव विभाग के उपवन संरक्षक का पदभार
भीमकुंड एडवेंचर प्रकल्प और आमझरी पार्क के विकास में रहा अहम योगदान

* दो माह से रिक्त पद पर अब नियमित नियुक्ति
चिखलदरा /दि.12- गुगामल वन्यजीव विभाग, चिखलदरा के उपवन संरक्षक पद पर यशवंत बहाड़े ने पदभार संभाल लिया है. इस पद पर पिछले करीब दो माह से प्रभारी व्यवस्था के तहत कामकाज चल रहा था. बहाड़े की नियुक्ति के आदेश जारी होने के बाद वे देहरादून में प्रशिक्षण पर होने के कारण तत्काल पदभार ग्रहण नहीं कर पाए थे. इस दौरान गाविलगढ़ वन्यजीव विभाग के उपवन संरक्षक अनंत डिगोडे अतिरिक्त जिम्मेदारी संभाल रहे थे. अब बहाड़े के पदभार ग्रहण करने से विभाग में नियमित नेतृत्व उपलब्ध हो गया है.
* उत्कृष्ट कार्यों के चलते दोबारा जिम्मेदारी
यशवंत बहाड़े इससे पहले गुगामल वन्यजीव विभाग में कार्यरत रह चुके हैं. उनके कार्यकाल के दौरान भीमकुंड एडवेंचर गतिविधि प्रकल्प विकसित किया गया था. इस पहल से क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिला और पर्यटन उद्योग में तेजी आने की बात कही जाती है. इसके अलावा आमझरी पार्क के विकास सहित कई महत्वपूर्ण कार्यों में भी उनका योगदान रहा है. बाद में उनका स्थानांतरण पांढरकवड़ा होने के बाद चिखलदरा के पर्यटन और वन्यजीव क्षेत्र से जुड़े लोगों को उनकी कमी महसूस हुई थी. अब उनकी दोबारा चिखलदरा में नियुक्ति होने से स्थानीय लोगों में प्रसन्नता व्यक्त की जा रही है.
* पर्यटन और विकास को मिलेगी गति
चिखलदरा और मेलघाट का वनक्षेत्र प्राकृतिक सौंदर्य तथा वन्यजीवों के लिए प्रसिद्ध है. यहां पर्यटन सुविधाओं के विकास, वन्यजीव संरक्षण और स्थानीय स्तर पर पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने की व्यापक संभावनाएं हैं. ऐसे में बहाड़े के पूर्व अनुभव का लाभ क्षेत्र को मिलने की उम्मीद जताई जा रही है. स्थानीय नागरिकों को आशा है कि उनके नेतृत्व में भीमकुंड एडवेंचर प्रकल्प, आमझरी पार्क और अन्य पर्यटन स्थलों के विकास को गति मिलेगी. साथ ही वन्यजीव संरक्षण तथा पर्यटन के बीच संतुलन बनाए रखते हुए क्षेत्र के विकास के लिए नए प्रयास किए जाएंगे.





