नाना पाटेकर को आदर्श हाईस्कूल के विद्यार्थियों ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि

अभिनय के साथ सामाजिक कार्यों को भी किया याद
दर्यापुर/दि.12 – मराठी और हिंदी फिल्म जगत में अपने दमदार अभिनय की अमिट छाप छोड़ने वाले पद्मश्री से सम्मानित वरिष्ठ अभिनेता नाना पाटेकर के निधन पर स्थानीय आदर्श हाईस्कूल एवं कनिष्ठ महाविद्यालय, दर्यापुर में शोकसभा आयोजित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई. शोकसभा में विद्यालय के सैकड़ों विद्यार्थी, शिक्षक और शिक्षकेतर कर्मचारी उपस्थित रहे. कार्यक्रम की शुरुआत में नाना पाटेकर के चित्र पर पुष्पहार अर्पित किया गया. इसके बाद दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत अभिनेता को श्रद्धांजलि दी गई.
इस अवसर पर विद्यालय के उपमुख्याध्यापक विलास मुले ने नाना पाटेकर के कला जगत में योगदान को याद किया. उन्होंने कहा कि नाना पाटेकर केवल एक प्रभावशाली अभिनेता ही नहीं, बल्कि सामाजिक सरोकारों के प्रति संवेदनशील व्यक्तित्व भी थे. ‘नाम फाउंडेशन’ के माध्यम से सूखाग्रस्त किसानों और आत्महत्या करने वाले किसानों के परिवारों की सहायता के लिए किए गए उनके कार्यों का भी स्मरण किया गया. उपस्थित शिक्षकों ने कहा कि नाना पाटेकर का सामाजिक दायित्व के प्रति समर्पण विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायी है. उनके जीवन और कार्यों से विद्यार्थियों को संवेदनशीलता, सामाजिक जिम्मेदारी तथा जरूरतमंदों की सहायता करने की सीख लेनी चाहिए.
शोकसभा में विद्यार्थियों, शिक्षकों और शिक्षकेतर कर्मचारियों ने अपने प्रिय कलाकार की स्मृतियों को याद करते हुए उन्हें नमन किया. सैकड़ों विद्यार्थियों की सहभागिता से आयोजित इस श्रद्धांजलि सभा के दौरान विद्यालय परिसर कुछ समय के लिए शोकमग्न रहा.

Back to top button