भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण करने वाली गणेशपुर की इच्छापूर्ति देवी
नवरात्रोत्सव में दर्शन के लिए उमड़ रहे श्रद्धालु

वीएमआर्ट से मंदिर तक बस सुविधा उपलब्ध
दर्यापुर/दि. 12 – नवरात्रोत्सव के दौरान चारों ओर भक्तिमय वातावरण, देवी के जयघोष और मंदिरों में दर्शन के लिए उमड़ते श्रद्धालुओं की भीड़ दिखाई दे रही है. दर्यापुर तहसील के गणेशपुर स्थित इच्छापूर्ति दुर्गामाता मंदिर भी इन दिनों श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र बना हुआ है. दर्यापुर-मूर्तिजापुर मार्ग के समीप स्थित इस मंदिर में नवरात्र के दौरान देवी के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में भक्त पहुंच रहे हैं. श्रद्धालुओं को मंदिर तक पहुंचने में सुविधा हो, इसके लिए मूर्तिजापुर रोड स्थित वीएमआर्ट से मंदिर तक बस सेवा भी उपलब्ध कराई गई है.
* पनपालिया परिवार की पहल से हुई मंदिर की स्थापना
गणेशपुर का इच्छापूर्ति देवी मंदिर क्षेत्र के श्रद्धालुओं के लिए आस्था और विश्वास का महत्वपूर्ण स्थान है. स्व. विठ्ठलदासजी पनपालिया की पहल पर इस मंदिर की स्थापना हुई थी. स्व. सेठ मदनमोहनलाल पनपालिया चैरिटेबल ट्रस्ट के माध्यम से मंदिर के विकास के लिए प्रयास किए गए हैं.
दुर्गामाता के दर्शन के लिए दर्यापुर तहसील के साथ ही आसपास के विभिन्न गांवों से भी श्रद्धालु पहुंचते हैं. भक्त देवी के समक्ष अपनी मनोकामनाएं व्यक्त कर परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और कल्याण की प्रार्थना करते हैं. इसी आस्था के चलते यह मंदिर क्षेत्र में इच्छापूर्ति देवी के रूप में प्रसिद्ध है.
* नवरात्र में भक्तिमय वातावरण
नवरात्रोत्सव को शक्ति की उपासना, नारी शक्ति के सम्मान और सद्विचारों की विजय का प्रतीक माना जाता है. इस पावन पर्व पर देवी के दर्शन और पूजा-अर्चना का विशेष महत्व है. गणेशपुर स्थित इच्छापूर्ति दुर्गामाता मंदिर में भी इन दिनों भक्तिमय माहौल बना हुआ है. देवी के जयघोष से परिसर गूंज उठता है और श्रद्धालु भक्तिभाव से माता के चरणों में शीश नवाते हैं. श्रद्धा, भक्ति और धार्मिक परंपराओं को संजोए यह मंदिर नवरात्र के अवसर पर भक्तों के लिए विशेष आकर्षण बना हुआ है. मंदिर तक पहुंचने के लिए उपलब्ध बस सुविधा से श्रद्धालुओं को दर्शन करने में सहूलियत मिल रही है. नवरात्रोत्सव के पावन अवसर पर इच्छापूर्ति दुर्गामाता के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में पहुंचने का आह्वान किया गया है.





