ट्रक की टक्कर से बिजली के तार सड़क पर गिरे, टला बड़ा हादसा
मोझरी-वर्हा मार्ग पर ग्राम पंचायत के सामने घटना

भारी वाहनों की आवाजाही पर उठे सवाल, ट्रक चालक पर कार्रवाई की मांग
अमरावती/दि.13 – मोझरी-वर्हा मार्ग पर रविवार सुबह करीब 10 बजे रेत ले जा रहे एक अज्ञात ट्रक ने ग्राम पंचायत के सामने बिजली के खंभे को टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि खंभे पर लगे बिजली के तार टूटकर सीधे सड़क पर गिर गए. गनीमत रही कि समय रहते बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया.
घटना की जानकारी मिलते ही महावितरण के ठेकेदार ने बिजली आपूर्ति बंद कर दी. सड़क पर बिजली के तार गिरने से कुछ समय के लिए दुर्घटना का खतरा पैदा हो गया था. यदि इस दौरान कोई वाहन चालक या राहगीर तारों के संपर्क में आ जाता, तो गंभीर हादसा हो सकता था.
* भारी वाहनों की आवाजाही पर सवाल
स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि शहरी क्षेत्र में भारी वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध होने के बावजूद इस मार्ग पर भारी वाहन बेधड़क दौड़ रहे हैं. रेत से भरे ट्रकों की आवाजाही के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है. इसके बावजूद संबंधित विभाग की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं किए जाने पर नागरिकों ने नाराजगी जताई है.
* अज्ञात ट्रक चालक पर कार्रवाई कब?
इस गंभीर घटना के बाद स्थानीय नागरिकों ने सवाल उठाया है कि बिजली के खंभे को टक्कर मारकर फरार हुए अज्ञात ट्रक चालक की पहचान कर उसके खिलाफ क्या कार्रवाई की जाएगी. घटना के संबंध में मोझरी महावितरण उपकेंद्र के सहायक अभियंता सुनील रीठे से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनकी ओर से कोई जवाब नहीं मिला. अब देखना यह है कि संबंधित विभाग इस घटना को गंभीरता से लेकर भारी वाहनों की अनियंत्रित आवाजाही पर रोक लगाने और जिम्मेदार ट्रक चालक के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए क्या कदम उठाता है.





