घर में घुसकर नाबालिग बच्ची के साथ अश्लील हरकत

वलगांव में दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज

अमरावती/दि.13 – वलगांव थाना क्षेत्र के सतीनगर परिसर में एक नाबालिग बच्ची के साथ घर में घुसकर अश्लील हरकत किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है. घटना के बाद इलाके में चिंता का माहौल है. वलगांव पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
जानकारी के मुताबिक 10 अक्टूबर को दोपहर के समय पीड़िता अपनी मां के साथ घर पर मौजूद थी. तभी महिलाओं जैसी वेशभूषा धारण किए हुए दो अज्ञात व्यक्ति अचानक घर में दाखिल हुए. इनमें से एक ने लाल रंग की साड़ी, जबकि दूसरे ने पंजाबी ड्रेस पहन रखी थी. दोनों की संदिग्ध गतिविधियों से बच्ची घबरा गई. बताया जाता है कि दोनों आरोपियों ने बच्ची के साथ अश्लील हरकत की. इस दौरान बच्ची भयभीत हो गई और अपनी सुरक्षा के लिए घर से बाहर निकलकर भागने लगी. आरोपियों की हरकतों से परेशान बच्ची ने किसी तरह वहां से निकलकर अपनी जान बचाई. घटना की जानकारी मिलने के बाद वलगांव पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए बीएनएस की संबंधित धाराओं और पॉक्सो अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है. पुलिस उपनिरीक्षक भारती रामभाकर मामले की आगे जांच कर रही हैं.
* पुलिस कर रही आरोपियों की तलाश
इस घटना में शामिल दोनों अज्ञात आरोपियों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने के लिए पुलिस जांच कर रही है. महिलाओं जैसी वेशभूषा पहनकर घर में प्रवेश करने की घटना से परिसर में सुरक्षा को लेकर चिंता जताई जा रही है.

Back to top button