हाथभट्टी शराब के अड्डे को पुलिस ने किया नष्ट
लालखडी वलगांव रोड के जंगल में गाडगे नगर पुलिस की कार्रवाई

* एक आरोपी गिरफ्तार
अमरावती/दि.13 – शहर में अवैध शराब निर्माण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए गाडगेनगर पुलिस के डीबी दल ने लालखड़ी-वलगांव रोड पर ऑर्किड स्कूल के पीछे जंगल में चल रही कथित अवैध हाथभट्टी शराब बनाने की अड्डे का पर्दाफाश किया. पुलिस ने मौके से मोहफुला के रस से भरे आठ लोहे और प्लास्टिक के ड्रम तथा शराब बनाने का अन्य सामान बरामद किया. करीब 32,500 रुपये मूल्य की सामग्री को नष्ट कर दिया गया. इस मामले में एक आरोपी के खिलाफ महाराष्ट्र शराबबंदी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है.
मिली जानकारी के मुताबिक 12 अक्टूबर को दोपहर करीब 2.30 बजे गाडगेनगर थाने का डीबी दल ट्रांसपोर्टनगर से लालखड़ी रोड पर गश्त कर रहा था. इसी दौरान पुलिस कर्मचारी नीलेश जुनघरे को गोपनीय जानकारी मिली कि लालखड़ी-वलगांव रोड पर ऑर्किड स्कूल के पीछे जंगल में नाले के किनारे मोहफुला के रस से अवैध हाथभट्टी शराब बनाई जा रही है. सूचना मिलते ही डीबी दल ने बताए गए स्थान पर छापा मारा. वहां नवसारी निवासी कडप्पा उर्फ सागर पंजाबराव लोखंडे (34) का हाथभट्टी शराब का अड्डा दिखाई दिया. पुलिस को वहां से मोहफुला के रस से भरे आठ लोहे और प्लास्टिक के ड्रम मिले. इसके अलावा शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाला अन्य सामान भी बरामद किया गया. पुलिस के अनुसार, जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 32,500 रुपये है. पुलिस टीम ने अवैध शराब बनाने के लिए इस्तेमाल किए जा रहे रस और अन्य सामग्री को पास के नाले में नष्ट कर दिया. इस मामले में गाडगेनगर पुलिस थाने में अपराध दर्ज किया गया है. आरोपी के खिलाफ महाराष्ट्र शराबबंदी अधिनियम की धारा 65 के संबंधित प्रावधानों के तहत कार्रवाई की गई है. पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है.
* वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त राकेश ओला, पुलिस उपायुक्त श्याम घुगे, गाडगेनगर संभाग के सहायक पुलिस आयुक्त निलेश ब्राह्मणे, थानेदार गोरखनाथ जाधव तथा कार्यवाहक आयुक्त प्रमोद पाचकवड़े के मार्गदर्शन में डीबी दल के प्रमुख सागर ठाकरे, पुलिस कर्मचारी नीलेश जुनघरे, अमोल यादव, विनोद मालवे, आशीष ठाकरे, सिद्धार्थ श्रृंगारे, गुलरेज पठान और सचिन गौरखेड़े के दल ने की.





