महादेव खोरी और छत्री तालाब में 21 करोड़ के प्रोजेक्ट का निरीक्षण

विधायक रवि राणा ने की काम की समीक्षा, समय पर पूरा करने के निर्देश

नागरिकों को मिलेगा नियमित और स्वच्छ पेयजल
अमरावती/दि.13 – अमरावती शहर और बडनेरा विधानसभा क्षेत्र की बढ़ती आबादी को भविष्य में पेयजल की कमी का सामना न करना पड़े, इसके लिए महादेव खोरी और छत्री तालाब परिसर में 21 करोड़ रुपये की लागत से जलापूर्ति परियोजना का काम किया जा रहा है. विधायक रवि राणा ने सोमवार को इस महत्वपूर्ण परियोजना का निरीक्षण कर काम की प्रगति की समीक्षा की. उन्होंने संबंधित विभागों और निर्माण एजेंसियों को आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए परियोजना निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए.
विधायक रवि राणा ने कहा कि नागरिकों को नियमित रूप से पर्याप्त दबाव के साथ स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना आवश्यक है. इसके लिए परियोजना का काम गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जाना चाहिए. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि काम में तेजी लाते हुए निर्धारित समय में परियोजना पूरी की जाए, ताकि नागरिकों को बेहतर जलापूर्ति सुविधा मिल सके.
* ‘अमृत 2.0’ योजना के तहत मिली मंजूरी
पूर्व सांसद नवनीत राणा के कार्यकाल में केंद्र सरकार की ‘अमृत 2.0’ योजना के अंतर्गत अमरावती ऑगमेंटेड वॉटर सप्लाई स्कीम को मंजूरी दी गई थी. इस योजना के लिए 985 करोड़ रुपये का निधि प्रावधान किया गया है. इसके माध्यम से अमरावती शहर की भविष्य की पेयजल जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विभिन्न महत्वपूर्ण परियोजनाओं को साकार किया जा रहा है. महादेव खोरी और छत्री तालाब क्षेत्र में शुरू जलापूर्ति परियोजना भी इसी व्यापक योजना का महत्वपूर्ण हिस्सा है. परियोजना पूरी होने के बाद शहर की बढ़ती आबादी को नियमित और पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने में मदद मिलने की उम्मीद है.
* निरीक्षण के दौरान अधिकारी रहे उपस्थित
इस अवसर पर महाराष्ट्र जीवन प्राधिकरण के अधीक्षण अभियंता विवेक सोलंके, चव्हाण, संजय लेवरकर, जिला परिषद के अमरावती ग्रामीण जलापूर्ति विभाग के कार्यकारी अभियंता धावड़े तथा जल संरक्षण विभाग के अधिकारी उपस्थित थे. इनके अलावा सुनील राणा, सुनील जाधव, हर्षल रेवणे सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे.

Back to top button