किसानों को परेशान करने का आरोप, दो अधिकारियों के निलंबन की मांग
आजाद समाज पार्टी व भीम आर्मी ने सीईओ को सौंपा ज्ञापन

15 दिन में कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी
अमरावती/दि.13 – पंचायत समिति अमरावती के अंतर्गत कार्यरत कार्यक्रम अधिकारी पंकज देशमुख और तकनीकी अधिकारी मोहिनी पाटील को निलंबित करने की मांग आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) व भीम आर्मी ने की है. इस संबंध में जिलाध्यक्ष प्रवीण मोहोड के नेतृत्व में जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया.
ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि ग्राम पंचायत बोरगांव धर्माले के दो किसानों ने मनरेगा योजना के तहत खेत की मेड़ पर सीताफल के पौधे लगाए, लेकिन बार-बार आग्रह के बावजूद तकनीकी अधिकारी मोहिनी पाटील ने आठ महीने तक खेत का निरीक्षण नहीं किया. किसानों द्वारा पौधों की तस्वीरें व्हाट्सऐप पर भेजने के बावजूद मस्टर में शून्य दर्ज किए जाने से उन्हें आर्थिक नुकसान हुआ. वहीं, कार्यक्रम अधिकारी पंकज देशमुख पर काम में देरी और किसानों से अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया गया है. संगठन ने दोनों अधिकारियों के खिलाफ 15 दिनों के भीतर निलंबन की कार्रवाई करने की मांग की है. कार्रवाई नहीं होने पर तीव्र आंदोलन छेड़ने की चेतावनी भी दी गई है. इस अवसर पर विक्रम तसरे, नितीन काळे, अंकुश आठवले सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे.





