लॉकर काटकर 5.95 लाख रुपये की सेंधमारी

नांदगांव पेठ एमआईडीसी की कंपनी में वारदात

सीसीटीवी कैमरे की वायर टूटी मिली
दो बंद घरों को भी चोरों ने बनाया निशाना
अमरावती/दि.13 – शहर और जिले में चोरी की घटनाएं सामने आई हैं. नांदगांव पेठ औद्योगिक क्षेत्र स्थित इनोवेशन हाउस इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में अज्ञात चोर ने लॉकर काटकर 5 लाख 95 हजार रुपये नकद चुरा लिए. कंपनी में पहुंचे कैशियर को सीसीटीवी कैमरे की वायर टूटी हुई दिखाई दी. अंदर जाकर जांच करने पर लॉकर कटा हुआ मिला और उसमें रखी नकदी गायब होने का पता चला. शिकायत के आधार पर नांदगांव पेठ पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
पुलिस में दर्ज शिकायत के मुताबिक खानापुर निवासी योगेश सुधाकरराव अवघड (40) इनोवेशन हाउस इंडस्ट्रीज में कैशियर के रूप में कार्यरत हैं. कंपनी के मालिक रोजाना की नकदी गिनने के बाद उसे अपने कमरे में रखे लॉकर में रखते थे. लॉकर की चाबी कैशियर योगेश अवघड के पास रहती थी. बताया गया है कि 10 अक्टूबर की रात करीब 1 बजे के आसपास कंपनी में चोरी की वारदात हुई. बाद में कंपनी पहुंचने पर सीसीटीवी कैमरे की वायर टूटी हुई दिखाई दी. संदेह होने पर अंदर जांच की गई, तो लॉकर कटा हुआ मिला और उसमें रखे 5 लाख 95 हजार रुपये गायब थे. घटना की जानकारी मिलने के बाद कंपनी की ओर से पुलिस को सूचना दी गई. नांदगांव पेठ पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज किया है. औद्योगिक क्षेत्र की कंपनी में हुई इस वारदात के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं.

* राजापेठ में बंद घर से 55 हजार का माल चोरी
अमरावती के राजापेठ पुलिस थाना क्षेत्र में भी चोरी की घटना सामने आई है. यादव लेआउट स्थित स्नेहगंधा सोसायटी, क्रांति कॉलोनी के पास रहने वाले संपतराव घुगे (55) अपनी पत्नी के साथ घरेलू काम से बाहर गए थे. इसी दौरान रविवार, 11 अक्टूबर को दोपहर 12.30 से 3.30 बजे के बीच अज्ञात चोर ने उनके बंद घर को निशाना बनाया. घर लौटने पर दरवाजे का लॉक टूटा हुआ और सामान अस्त-व्यस्त मिला. जांच करने पर एक सोने की अंगूठी और 5 हजार रुपये नकद गायब मिले. चोरी गए माल की कुल कीमत करीब 55 हजार रुपये बताई गई है. राजापेठ पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

* गाडगेनगर के पीएसआई कॉलोनी में भी सेंधमारी
गाडगेनगर पुलिस थाना क्षेत्र के अर्जुन नगर स्थित पीएसआई कॉलोनी में भी बंद घर का ताला तोड़कर चोरी की गई. शिकायतकर्ता प्रभाकर रहाणे (42) के घर के मुख्य दरवाजे पर बाहर से ताला लगा हुआ था. इसी दौरान अज्ञात चोर ने ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया. चोर घर से दो चांदी के सिक्के, दो सोने के सिक्के, 20 हजार रुपये नकद और करीब ढाई ग्राम वजन के सोने के दो कान के आभूषण चुरा ले गया. चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग 55 हजार रुपये बताई गई है. घटना की शिकायत मिलने के बाद गाडगेनगर पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात आरोपी की तलाश शुरू कर दी है. तीनों घटनाओं की जांच जारी है. पुलिस आरोपियों का पता लगाने और चोरी गए माल की बरामदगी के लिए प्रयास कर रही है.

 

Back to top button