यशोमति ठाकुर मिली एसपी कदम से

दुर्गा मंडलों को ध्वनिक्षेपक की अनुमति देने की मांग

आग से किसान के नुकसान पर कठोर कार्रवाई की जाएं
अमरावती/दि.13 – पूर्व मंत्री और कांग्रेस नेत्री यशोमति ठाकुर ने ग्रामीण पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम से भेंट कर दुर्गा मंडलों को नियमों के अधीन लाउड स्पीकर अर्थात ध्वनिक्षेपक उपयोग करने की अनुमति देने की मांग रखी. उसी प्रकार आगजनी से हुए किसान के नुकसान के संदर्भ में भी कडी कार्रवाई की अपेक्षा यशोमति ठाकुर ने व्यक्त की. दोनों मुद्दों पर एड. यशोमति ठाकुर ने प्रशासन का ध्यान खींचा.
तिवसा तहसील के सचिन सुभाष वानखडे के खेत में रखे सोयाबीन के ढेर में अज्ञात लोगों ने आग लगा दी. जिससे किसान का 4 लाख रुपए का नुकसान होने का दावा किया जा रहा है. पहले ही कृषक वर्ग सूखे से जूझ रहे हैं. ऐसे में बडे परिश्रम से उत्पादित सोयाबीन के ढेर को आग लगा दी जाने से बडा संकट किसान पर आ गया है. इसकी शिकायत पुलिस में दर्ज है. एड. यशोमति ठाकुर ने पुलिस से तत्काल दोषियों पर कडी कार्रवाई की मांग रखी है.
उसी प्रकार दुर्गा मंडलों को लाउड स्पीकर की अनुमति देने का मुद्दा भी यशोमति ठाकुर ने उपस्थित किया. इस चर्चा दौरान तिवसा कांग्रेस अध्यक्ष, नगरसेवक वैभव वानखडे, महिला अध्यक्ष जयश्री वानखडे, युवक कांग्रेस महासचिव विश्वजीत बाखडे उपस्थित थे. यशोमति ठाकुर ने कहा कि, दो टॉप और दो बेस उपयोग करने की अनुमति दुर्गा मंडलों को ध्वनिक्षेपक मामले में दी जाए.

Back to top button