हाईवे किनारे अवैध ढाबे और अतिक्रमण की सफाई चालू
लोणी में राजमार्ग से सटी दुकानों और तलेगांव श्यामजीपंत में अतिक्रमण साफ

बिना एनएचएआय मंजूरी लाइसेंस नहीं
हर जिले में बनेगा सुरक्षा दल
अमरावती/दि. 14 – राष्ट्रीय राजमार्गों पर बढती दुर्घटनाओं को रोकने के लिए महाराष्ट्र सरकार ने सभी महानगरपालिकाओं, नगर परिषदों और नगर पंचायतों को अवैध ढाबे, भोजनालय और व्यावसायिक निर्माण हटाने के निर्देश दिए है. नए निर्माणों पर तत्काल रोक रहेगी, जबकि पुराने अनधिकृत निर्माण कानूनी प्रक्रिया के तहत 60 दिनों में हटाने होंगे. इस क्रम में एनएचएआय ने कार्रवाई शुरू कर दी है. लोणी में राजमार्ग से सटी कच्ची-पक्की दुकानों का अतिक्रमण हटाया गया है. तलेगांव श्यामजीपंत में भी अतिक्रमण साफ कर दिया गया है. वहीं राजमार्ग के सुरक्षा क्षेत्र में नया लायसेंस, एनओसी या व्यापार अनुमति देने और नवीनिकरण से पहले एनएचएआय अथवा लोक निर्माण विभाग की मंजूरी जरूरी होगी. मौजूदा लायसेंसों की 30 दिनों में समीक्षा करनी होगी. राजमार्ग वाले जिलों में प्रशासन, पुलिस, एनएचएआय, लोक निर्माण विभाग और स्थानीय निकायों का संयुक्त सुरक्षा दल बनेगा. अतिक्रमण हटाने की जिम्मेदारी कलेक्टर और पुलिस आयुक्त अथवा पुलिस अधीक्षक की होगी. दल हर 15 दिनों में कारवाई की समीक्षा करेगा.
* हर 75 किमी पर एम्बुलेंस-क्रेन
राजमार्ग पर अधिकतम 75 किलोमीटर के अंतराल पर जीवनरक्षक सुविधा वाली एम्बुलेंस और दुर्घटनाग्रस्त वाहन हटाने के लिए क्रेन तैनात करनी होगी. ट्रकों के लिए सुरक्षित विश्राम स्थल, पार्किंग, भोजन, शौचालय और प्राथमिक उपचार की सुविधा भी देनी होगी.
* हाइवे के आसपास भूमि उपयोग पर नियंत्रण
राजमार्ग के मध्य से 40 मीटर के भीतर आवासीय और 75 मीटर के भीतर व्यावसायिक भूमि उपयोग परिवर्तन को नियंत्रित करने के लिए राज्य सरकार को 60 दिनों में अधिसूचना जारी करनी होगी.
* पार्किंग और दुर्घटना स्थलों पर निगरानी
निर्धारित स्थलों के अलावा राजमार्ग और उसके पक्के किनारे पर भारी व व्यावसायिक वाहनों की पार्किंग प्रतिबंधित होगी. दुर्घटना संभावित स्थानों पर रोशनी, गति निगरानी कैमेरे और चेतावनी संकेत लगाए जाएंगे. पुलिस और परिवहन विभाग की विशेष टीमें निगरानी करेगी.
* अंजनगांव सुर्जी में दुकानें और शेड तोडे
राष्ट्रीय महामार्ग पर अतिक्रमण के खिलाफ मंगलवार को लोक निर्माण विभाग और नगरपालिका ने मंगलवार को संयुक्त कार्रवाई की. अंजनगांव सुर्जी में जेसीबी से अवैध दुकानें, पान की टपरियां, शेड हटाए गए. सडक किनारे कब्जों से मार्ग संकरा होने के कारण जाम और दुर्घटनाओं का खतरा बढ रहा था. नए और पुराने बस स्टॉप के पास भी अतिक्रमण हटाए गए. कार्रवाई के दौरान पुलिस बंदोबस्त तैनात रहा.
* आदेश पर अमल शुरू
आदेश पर अमल शुरू कर दिया गया है. लोणी व तलेगांव श्यामजीपंत में भी अतिक्रमण साफ कर दिया है.
– राकेश जवादे,
प्रबंधक, एनएचएआय, अमरावती परिक्षेत्र





