चाकू लेकर धमकाने वाला युवक गिरफ्तार, गांजा पीते तीन पकड़े
अवैध हथियार रखने और सार्वजनिक स्थानों पर नशा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई

अमरावती में क्राइम ब्रांच का विशेष अभियान
अमरावती/दि.15 – अमरावती शहर में अवैध हथियार रखने वालों और सार्वजनिक स्थानों पर मादक पदार्थों का सेवन करने वालों के खिलाफ क्राइम ब्रांच ने विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई की. पुलिस आयुक्त राकेश ओला के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई के दौरान एक युवक को लोहे के चाकू के साथ पकड़ा गया. जबकि तीन अन्य लोगों को सार्वजनिक स्थानों पर गांजे का सेवन करते हुए पाया गया. पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ मामले दर्ज किए हैं.
पुलिस आयुक्तालय क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से क्राइम ब्रांच ने शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में यह विशेष अभियान चलाया. क्राइम ब्रांच की पहली कार्रवाई राजापेठ पुलिस थाना क्षेत्र के चिचफैल इलाके में की गई में चिचफैल निवासी युवराज उर्फ जय विजय कुरवाने (26) को हाथ में लोहे का चाकू लेकर खड़े होने और लोगों को धमकाने के आरोप में पकड़ा गया. पुलिस ने आरोपी के पास से लोहे का चाकू जब्त किया. उसके खिलाफ राजापेठ पुलिस थाने में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है.
इसी तरह गाडगे नगर पुलिस थाना क्षेत्र के हड्डी मस्जिद परिसर में बोराला निवासी शुभम दीपक कंगाले (26) को सार्वजनिक स्थान पर गांजे का सेवन करते हुए पुलिस ने दबोच लिया. रामलक्ष्मण संकुल परिसर में रामपुरी कैंप निवासी मोहन उर्फ विक्की कुंगुमल भोजवानी (32) को सार्वजनिक स्थान पर गांजे का सेवन करते हुए पकड़ा गया. एक अन्य घटना में सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के जुम्मन शाहबाबा दरगाह परिसर में परतवाडा निवासी मोहम्मद समीर मोहम्मद सादिक (30) को सार्वजनिक स्थान पर गांजा पीते हुए गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस ने उसके खिलाफ भी एनडीपीएस अधिनियम की धारा 27 के तहत मामला दर्ज किया. पुलिस की इस कार्रवाई से शहर में अवैध हथियार रखने और सार्वजनिक स्थानों पर मादक पदार्थों का सेवन करने वालों में हडकंप मच गया है.





