विश्व खाद्य दिवस पर डफरीन अस्पताल में भोजन वितरण
दाऊदी बोहरा समाज और अर्हम संस्था की संयुक्त पहल

* मरीजों के परिजनों व जरूरतमंदों को कराया भोजन
अमरावती /दि.16– विश्व खाद्य दिवस के अवसर पर दाऊदी बोहरा समाज, अमरावती और अर्हम संस्था की ओर से डफरीन अस्पताल परिसर में भोजन वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया. इस दौरान अस्पताल में उपचार के लिए आने वाले मरीजों के परिजनों और अन्य जरूरतमंदों को भोजन वितरित किया गया.
दाऊदी बोहरा समाज के धर्मगुरु परम पावन हिज होलीनेस डॉ. सैयदना मुफद्दल सैफुद्दीन साहब (त.उ.श.) की प्रेरणा और मानवीय सेवा की भावना के अनुरूप आयोजित इस कार्यक्रम में दोनों संस्थाओं के सदस्यों ने सेवा भाव से सहभागिता की. इस पहल का उद्देश्य जरूरतमंदों तक भोजन पहुंचाने के साथ समाज में प्रेम, करुणा, भाईचारे और मानवता की भावना को मजबूत करना था. आयोजकों ने संदेश दिया कि भूख और जरूरत का किसी धर्म या जाति से संबंध नहीं होता. जरूरतमंदों की सहायता करना और उन्हें भोजन उपलब्ध कराना मानवता की सच्ची सेवा है. विश्व खाद्य दिवस पर आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से दाऊदी बोहरा समाज और अर्हम संस्था ने सेवा, सहयोग और सामाजिक संवेदनशीलता का संदेश दिया.





