मोबाइल देने से इंकार करने पर युवक पर चाकू से जानलेवा हमला
फ्रेजरपुरा थाना क्षेत्र के गगलानी नगर की घटना

अमरावती/दि.26– गगलानी नगर क्षेत्र में सोमवार रात मोबाइल फोन देने से इनकार करने पर एक युवक पर अज्ञात आरोपी ने चाकू जैसे हथियार से हमला कर दिया. आरोपी ने युवक के दाहिने कूल्हे पर वार कर घायल किया और मौके से फरार हो गया. घटना के बाद फ्रेजरपुरा पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है.
जानकारी के मुताबिक यह घटना 24 अगस्त की रात करीब 10.30 बजे वडाली नाका के पास गगलानी नगर में शिकायतकर्ता के घर के सामने हुई. घायल युवक की पहचान ज्ञानेश्वरराव कमलेश गवई (35) के रूप में हुई है. शिकायत के मुताबिक, गवई रात में भोजन करने के बाद सड़क पर टहलते हुए मोबाइल फोन पर बात कर रहे थे. इसी दौरान करीब 25 वर्ष का एक अज्ञात युवक उनके पास पहुंचा और मोबाइल फोन देने की मांग की. गवई ने मोबाइल देने से इनकार कर दिया. इससे नाराज आरोपी ने अपने पास मौजूद चाकू से उनके दाहिने कूल्हे पर वार कर दिया. हमले में गवई घायल हो गए और उनके शरीर से खून निकलने लगा. उन्होंने शोर मचाया तो आरोपी मौके से फरार हो गया. इसके बाद घायल युवक अपने घर पहुंचे और परिजनों को घटना की जानकारी दी. उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया. घटना की सूचना मिलने के बाद फ्रेजरपुरा पुलिस ने गवई के बयान के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया है. पुलिस आरोपी की पहचान और तलाश में जुटी है. घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है.




