कॉइनबेस का झांसा देकर युवक से 6 लाख की ठगी
अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ मामला दर्ज

अचलपुर /दि.6- तहसील अंतर्गत आनेवाले पथ्रोट में ऑनलाइन निवेश का लालच देकर एक युवक से 6.3 लाख रुपए की साइबर ठगी का मामला सामने आया है. पुलिस ने अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ धोखाधडी का मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है.
जानकारी के अनुसार वेदांत अनिल कलमकर (25, पथ्रोट) ने शिकायत दर्ज कराई कि, अज्ञात साइबर ठगों ने उन्हें दो महिने पहले कॉइनबेस कंपनी में निवेश करने का झांसा दिया. आरोपियों ने अधिक मुनाफे का लालच देकर उन्हें स्टॉक और निवेश के नाम पर अलग-अलग चरणों में रकम जमा कराने के लिए कहा. रुपए के लालच में आकर युवक ने अपने एक्सीस बैंक के खाते से विभिन्न ट्रैंजेक्शन के माध्यम से कुल 6 लाख 3 हजार रुपए आरोपियों द्वारा बताए गए बैंक के खाते में जमा कर दिए.
बाद में जब न तो कोई निवेश पर लाभ मिला और न ही रकम वापस हुई, तब उन्हें अपने साथ ऑनलाइन ठगी होने का एहसास हुआ. इतना ही नहीं, तो आरोपियों ने शिकायतकर्ता को धमकी देना शुरु कर दिया. पुलिस थाने में शिकायत की, तो झुठे मामलों में फसाने की भी धमकी देने लगे. इसके बाद मामला शनिवार 4 जुलाई को पुलिस थाने में पहुंचा. पीडित की शिकायत पर पथ्रोट पुलिस ने अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ धोखाधडी का मामला दर्ज कर लिया है और पुलिस बैंक लेन-देन एवं डिजिटल साक्षों के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है.





