संत कबीर नगर में हुई घरफोडी का आरोपी धरा गया
2.55 लाख रुपए का माल जब्त

* गाडगे नगर पुलिस की कार्रवाई
अमरावती/दि.9 – गाडगे नगर थाना क्षेत्र के संत कबीर नगर में रहने वाली एक महिला के बंद मकान में हुई चोरी के मामले में पुलिस के दल ने न्यू गणेश कालोनी में रहने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से 2 लाख 55 हजार रुपए मूल्य के 17 ग्राम के सोने के आभूषण जब्त किये है. गिरफ्तार आरोपी का नाम अशोक बाबूलाल जयस्वाल (50) है.
जानकारी के मुताबिक संत कबीर निवासी संगीता राजेश सावले (40) नामक महिला ने अपने सोने के आभूषण घर के एक डिब्बे में रखे थे. 25 अप्रैैल को सुबह 11 बजे वह काम पर गई थी. बंद मकान में सेंध लगाकर शातीर चोर ने 17 ग्राम सोने के आभूषण चुरा लिये थे. महिला की शिकायत के आधार पर गाडगे नगर पुलिस ने घरफोडी का मामला दर्ज कर जांच शुरु की. थानेदार गोरखनाथ जाधव, निरीक्षक विजया पंधरे व समाधान वाठोरे के मार्गदर्शन में डीबी दल प्रमुख पीएसआई सागर ठाकरे, एएसआई अशोक वाटाणे, मनीष सावरकर, हेड कांस्टेबल नीलेश जुनघरे, अमोल यादव, विनोद मालवे, आशीष ठाकरे, सिद्धार्थ श्रृंगारे व सचिन गौरखेडे का दल जांच कर रहा था, तब उन्हें जानकारी मिली कि, महिला के घर हुई घरफोडी की घटना को न्यू गणेश कालोनी निवासी अशोक जयस्वाल ने अंजाम दिया है. इस जानकारी के आधार पर पुलिस के दल ने आरोपी को कब्जे में लेकर पूछताछ की, तब उसने चोरी की कबूली दी. पुलिस ने उसके पास से 2 लाख 55 हजार रुपए मूल्य के 17 ग्राम सोने के आभूषण जब्त किये है. मामले की जांच पुलिस आगे कर रही है.





