बिना लाइट के खतरनाक बना अकोली अंडरपास

अंधेरे और जलभराव से हादसे का खतरा बढ़ा

अमरावती/दि.8 – न्यू अमरावती रेलवे स्टेशन के समीप अकोली गांव की ओर जाने वाली सड़क पर रेलवे अंडरपास का निर्माण कार्य कुछ महीने पहले पूरा होने के बाद इसे आम लोगों के आवागमन के लिए खोल दिया गया है. लेकिन अंडरपास में अब तक मूलभूत सुरक्षा सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई गई हैं, जिससे लोगों में चिंता का माहौल है.
स्थानीय नागरिकों के अनुसार, अंडरपास में अभी तक बिजली की लाइटें नहीं लगाई गई हैं. रात के समय पूरा अंडरपास अंधेरे में डूबा रहता है, जिससे सामने से आने वाले वाहन दिखाई नहीं देते. ऐसे में दुर्घटना की आशंका लगातार बनी रहती है. सबसे अधिक परेशानी महिलाओं, विद्यार्थियों और दोपहिया वाहन चालकों को उठानी पड़ रही है, जिन्हें रात के समय इस मार्ग से गुजरने में डर का सामना करना पड़ता है. वहीं, बारिश का मौसम शुरू होने के बाद अंडरपास में पानी भरने की समस्या भी सामने आने लगी है. जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश का पानी सबवे में जमा हो रहा है. यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है.
स्थानीय नागरिकों ने संबंधित रेलवे और प्रशासनिक अधिकारियों से मांग की है कि अंडरपास में तत्काल हाईमास्ट अथवा पर्याप्त विद्युत प्रकाश व्यवस्था की जाए तथा जलभराव रोकने के लिए प्रभावी ड्रेनेज सिस्टम विकसित किया जाए. नागरिकों का कहना है कि करोड़ों रुपये खर्च कर बनाए गए इस अंडरपास का लाभ तभी मिलेगा, जब इसे सुरक्षित और सुविधाजनक बनाया जाएगा. लोगों ने प्रशासन से इस गंभीर समस्या को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए शीघ्र आवश्यक कदम उठाने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके.

Back to top button