ऑनलाइन कमाई का झांसा देकर 1.11 लाख रुपये की कथित ठगी
दो साल तक रोजाना 638 रुपये देने का दिया था भरोसा

पांच सदस्यों से 18,502 रुपये प्रति व्यक्ति लेने का आरोप
अमरावती /दि.3– ऑनलाइन कमाई का झांसा देकर सदस्यों से पैसे जमा करवाने और बाद में राशि हड़पने का कथित मामला सामने आया है. शिकायत के अनुसार, एफबीटी टीम ग्रुप की एडमिन सरोज नाइक तथा एफबीटी 3406 लर्निंग एंड कंपैनियनशिप ग्रुप की एफबीटी ऐप एडमिन एमिली एनी के नाम का उल्लेख करते हुए सदस्यों को एक कथित कॉन्ट्रैक्ट के तहत भुगतान का भरोसा दिया गया था.
जानकारी के मुताबिक बडनेरा निवासी एक 20 वर्षीय शिकायतकर्ता महिला को बताया गया था कि निर्धारित समय और स्थान पर पेमेंट करने के बाद संबंधित सदस्य को दो वर्षों तक प्रतिदिन 638 रुपये मिलेंगे. शिकायत में इस जानकारी को शुरू से ही गलत बताते हुए आरोप लगाया गया है कि इसी भरोसे पर सदस्यों से रकम ली गई. शिकायत में उसके साथी सदस्यों से ऑनलाइन पैसे लेने का आरोप लगाया गया है. शिकायतकर्ता के मुताबिक सपना रोशन मोकले, हर्षा सवई, अर्चना वानखड़े और स्वाति नन्नावरे समेत कुल पांच लोगों से 18,502 रुपये प्रति व्यक्ति की दर से राशि ली गई. इस प्रकार शिकायतकर्ता के अनुसार कुल 1,11,012 रुपये ऑनलाइन प्राप्त कर निजी लाभ के लिए इस्तेमाल किए गए और उनके साथ धोखाधड़ी की गई. शिकायतकर्ता ने मामले की जांच कर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई करने तथा कथित तौर पर ली गई राशि वापस दिलाने की मांग की है. महिला की शिकायत पर लोणी पुलिस ने सरोज नाईक व एनी के खिलाफ जालसाजी का मामला दर्ज कर जांच शुरु की.





