भानखेड़ा तालाब में दो 17 वर्षीय छात्रों की डूबने से मौत
शिवसेना उबाठा शहर प्रमुख प्रवीण हरमकर ने लगाया प्रशासन पर लापरवाही का आरोप

दोषी अधिकारियों पर सदोष मनुष्यवध का मामला दर्ज करने की मांग
अमरावती /दि.3– बडनेरा विधानसभा क्षेत्र के भानखेड़ा स्थित तालाब में दो 17 वर्षीय स्कूली छात्रों की डूबने से मौत हो गई. इस घटना को लेकर शिवसेना शहर प्रमुख प्रविण हरमकर ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सदोष मनुष्यवध का मामला दर्ज कर निलंबन की मांग की है.
हरमकर के मुताबिक इससे पहले मार्डी रोड स्थित गोडे मेडिकल कॉलेज के पास तालाब में चार लोगों की मौत हो चुकी है. इसके बाद 16 जून को उन्होंने तालाबों को सुरक्षित करने की मांग की थी. उनके मुताबिक 17 सितंबर को ऊर्ध्व वर्धा सिंचाई मंडल की ओर से सभी जल परियोजनाओं पर खतरे के संकेतक लगाने और आवश्यक सुरक्षा उपाय करने के निर्देश जारी किए गए थे. इसके बावजूद भानखेड़ा तालाब में न तो सुरक्षा बाड़ लगाई गई और न ही चेतावनी बोर्ड अथवा सुरक्षा व्यवस्था की गई. उन्होंने सभी तालाबों, नदियों और अन्य जोखिम वाले जलस्थलों पर चेतावनी बोर्ड, संपर्क नंबर तथा सुरक्षा व्यवस्था करने की मांग की है. साथ ही अभिभावकों से भी बच्चों की गतिविधियों पर ध्यान रखने और ऐसे खतरनाक स्थानों से दूर रखने की अपील की गई है.





