शालार्थ आईडी घोटाला, एसआईटी ने 235 शिक्षकों के मांगे दस्तावेज

25 शिक्षण संस्थाओं की होगी जांच

नाशिक/दि.3– शालार्थ आईडी घोटाले में एसआईटी जांच का दायरा बढ गया है. अब 25 शिक्षण संस्थाओं के दस्तावेजों की जांच होगी. इसके लिए सभी संबंधित विद्यालयों के मुख्याध्यापकों को पत्र भेजे गए हैं. संदिग्ध शालार्थ आईडी वाले 235 शिक्षकों के दस्तावेज भी मांगे गए हैं. आने वाले दिनों में शिक्षण संस्थाओं की संख्या बढने की संभावना है. नाशिक की कई नामी शिक्षण संस्थाओं के नाम इस सूची में आने से शिक्षा जगत में हडकंप मच गया है.
इन बिंदुओं की होगी जांच : एसआईटी वर्ष 2016 से 2025 के बीच शालार्थ आईडी प्राप्त करने वाले शिक्षकों की व्यक्तिगत मान्यता और उनकी सेवा निरंतरता से जुडे दस्तावेजों को खंगालेगी. यह देखा जाएगा कि, उनके प्रमाणपत्र वास्तविक हैं या नहीं? नियुक्ति में निर्धारित नियमों का पालन किया गया था या नहीं? संबंधित स्कूल में वास्तव में पद रिक्त थे या नहीं? संवर्गनिहाय पदों पर ही भर्ती हुई है या नहीं? इस छानबीन से नए मामले भी सामने आ सकते हैं.
शरद शिंदे के 3 स्कूल शामिल : नाशिक रोड पुलिस थाने में दर्ज शालार्थ आईडी घोटाले मामले में आरोपियों की संख्या बढकर 125 हो गई है. शिक्षण संस्था संचालक शरद शिंदे की कैलासवासी दयाराम पिराजी शिंदे बहुउद्देशीय संस्था के अंतर्गत तीन स्कूल हैं. इनके 32 शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारियों की नियुक्तियों की जांच चल रही है. आरोप है कि, इन कर्मचारियों की नियुक्ति वर्ष 2022 से 2024 के बीच की गई थी. लेकिन दस्तावेजों में इन्हें वर्ष 2012 की नियुक्ति दिखाया गया. फर्जी दस्तावेजों के सहारे शासन के साथ करीब साढे तीन करोड रुपए की धोखाधडी हुई. वेतन के नाम पर सरकारी राजस्व हडपने के इस मामले की जांच चल रही है.

* शिक्षण संस्थाओं के नाम
मराठा विद्या प्रसारक समाज, अंजुमन मोहिनूर तुलबा, आदिवासी सेवा समिति, महात्मा गांधी विद्या मंदिर, भारत सर्व सेवा संघ, कैंटोनमेंट बोर्ड, देवला एजुकेशन सोसायटी, महात्मा ज्योतिबा फुले शिक्षण संस्था, आदर्श समता शिक्षण प्रसारक मंडल, ज्ञानसाधना शिक्षण प्रसारक संस्था, कुसुंबा एजुकेशन सोसायटी, कलवण एजुकेशन सोसायटी, शिवराम पाटील शिक्षण संस्था, माध्यमिक लोक शिक्षण मंडल, महाराष्ट्र समाज सेवा संघ, राजस्थान शिक्षण प्रसारक मंडल, संत जनार्दन स्वामी शिक्षण संस्था, श्री भैरवनाथ शिक्षण प्रसारक संस्था, श्री छत्रपति शिवाजी शिक्षण संस्था, श्री सिद्धिविनायक ग्रामीण विकास मंडल, सर सैयद एजुकेशन सोसायटी, तिलामी मरकज, अंजुमन तरक्की-ए-तालीम, जदीद अंजुमन-ए-तालीम, खातून माइनॉरिटी वुमन्स सोसायटी तथा शंकर एजुकेशन सोसायटी की जांच होगी.

Back to top button