प्रेम प्रकरण के चलते प्रेमिका के मां की हत्या, युवती गंभीर घायल
लाडखेड़ के इंदिरानगर में खूनी वारदात

* तलवार से हमला करने के आरोप में युवक गिरफ्तार
यवतमाल /दि.3– प्रेम प्रसंग को लेकर हुए विवाद में एक महिला पर तलवार से हमला किए जाने की घटना लाडखेड़ के इंदिरानगर इलाके में गुरुवार रात करीब 10 बजे सामने आई. हमले में कांता सहदेव तेलंगे (48) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सोनू सरकटे (30) गंभीर रूप से घायल हो गई. सोनू का जिला सरकारी अस्पताल में उपचार चल रहा है.
पुलिस सूत्रों के मुताबिक आरोपी का नाम लाडखेड निवासी सद्दाम उर्फ तसव्वर खान तैमूर खान है. बताया गया है कि सद्दाम खान (40) पिछले करीब पांच वर्षों से इंदिरानगर में सोनू सरकटे के साथ रह रहा था. इसी को लेकर कांता और सद्दाम के बीच अक्सर विवाद होने की बात सामने आई है.
* विवाद के बाद तलवार लेकर पहुंचा आरोपी
जानकारी के मुताबिक गुरुवार रात भी इसी मुद्दे को लेकर विवाद हुआ. इसी दौरान सद्दाम कथित रूप से अपने घर से तलवार लेकर आया और कांता पर हमला कर दिया. इसके बाद सोनू के साथ भी मारपीट किए जाने की बात पुलिस जांच में सामने आई है. हमले में कांता गंभीर रूप से घायल हो गई और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई. सोनू को गंभीर हालत में जिला सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका उपचार जारी है.
* पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही लाडखेड़ पुलिस थाना प्रभारी विनायक लांबे पुलिस दल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने आरोपी सद्दाम को तत्काल गिरफ्तार कर लिया. घटनास्थल का पंचनामा करने के बाद फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया. वारदात में इस्तेमाल की गई तलवार पुलिस ने जब्त कर ली है. घटना की गंभीरता को देखते हुए उपविभागीय पुलिस अधिकारी सिद्धेश्वर भोरे ने भी घटनास्थल का दौरा किया और मामले की जानकारी ली.
* हत्या का मामला दर्ज, जांच जारी
मृतका के रिश्तेदार शिवा दिलीप साठे की शिकायत के आधार पर लाडखेड़ पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया है. पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है. हमले के पीछे का विवाद और घटना की पूरी परिस्थितियां जांच के बाद स्पष्ट होंगी. थानेदार विनायक लांबे के मार्गदर्शन में रामकिसन जायभाये, नितिन सलाम, सुनील राठौड़, विजय पवार, जयवंत शेंडे और रूपाली यादव मामले की जांच कर रहे है.



