छात्रा की ऑनलाईन बदनामी करनेवाला अहमदाबाद से गिरफ्तार
इंस्टाग्राम पर फोटो मॉर्फ कर की थी अश्लील पोस्ट

* यवतमाल पुलिस की बड़ी कार्रवाई
* उत्तर प्रदेश निवासी आरोपी फर्जी अकाउंट बनाकर कर रहा था बदनामी
* मेटा से मिली तकनीकी जानकारी के आधार पर गुजरात में दबिश, आरोपी को दबोचा
यवतमाल/28 – सोशल मीडिया के जरिए महाविद्यालयीन छात्राओं की छवि खराब करने वाले साइबर अपराधियों के खिलाफ यवतमाल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतरराज्यीय आरोपी को गुजरात के अहमदाबाद से गिरफ्तार किया है. आरोपी ने एक कॉलेज छात्रा के नाम और फोटो का दुरुपयोग कर फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट बनाया था तथा उसके और उसके मित्र-मित्राओं के फोटो मॉर्फ कर अश्लील टिप्पणियों के साथ सोशल मीडिया पर प्रसारित किए थे. पुलिस ने इस मामले में फरहान अली सुभान अली (24, निवासी शाहपुर, थाना धानपुरा, जिला रामपुर, उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे पुलिस हिरासत में भेजा गया. पूछताछ पूरी होने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया.
जानकारी के अनुसार, यवतमाल शहर के एक महाविद्यालय में अध्ययनरत छात्रा ने 19 जुलाई 2026 को यवतमाल शहर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत में बताया गया था कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसके नाम और तस्वीरों का उपयोग कर तीन अलग-अलग फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट बनाए हैं. इन अकाउंट्स के माध्यम से छात्रा तथा उसके मित्र-मित्राओं के फोटो मॉर्फ कर अश्लील शब्दों और आपत्तिजनक टिप्पणियों के साथ सोशल मीडिया पर पोस्ट किए जा रहे थे. इन पोस्टों के कारण छात्रा की सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची और महाविद्यालयीन वातावरण में भी उसकी बदनामी हुई.
शिकायत की गंभीरता को देखते हुए यवतमाल शहर पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू की. आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296, 79, 356(2) तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (आईटी एक्ट) की संबंधित धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया. पुलिस जांच शुरू होने की भनक लगते ही आरोपी फरहान अली ने अपना मोबाइल नंबर बंद कर दिया और उत्तर प्रदेश छोड़कर फरार हो गया. इसके बाद पुलिस के सामने आरोपी का पता लगाने की चुनौती खड़ी हो गई.
यवतमाल पुलिस की साइबर टीम ने जांच के दौरान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम (मेटा) से तकनीकी जानकारी प्राप्त की. डिजिटल साक्ष्यों और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपी की लोकेशन गुजरात के अहमदाबाद शहर में होने की पुष्टि हुई. इसके बाद यवतमाल पुलिस का विशेष दल तत्काल अहमदाबाद रवाना हुआ. स्थानीय पुलिस के सहयोग से रखीयाल क्षेत्र में जाल बिछाकर आरोपी को 25 अगस्त को गिरफ्तार कर लिया गया.
यह कार्रवाई यवतमाल के पुलिस अधीक्षक कुमार चिंता, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अशोक थोरात तथा उपविभागीय पुलिस अधिकारी अमोल कोली के मार्गदर्शन में की गई. कार्रवाई को सफल बनाने में शहर पुलिस थाना प्रभारी पुलिस निरीक्षक निलेश सुरडकर, उपनिरीक्षक निलेशकुमार मिश्रा, तथा पुलिस कर्मी भरत राठोड, रविंद्र नेवारे और अंकुश फेंडार की महत्वपूर्ण भूमिका रही.





