12 लोगों ने अस्पताल में घुसकर की तोड़फोड़
डॉक्टर और नर्स ने टॉयलेट में छिपकर बचाई जान

* महागांव ग्रामीण अस्पताल की घटना
महागांव/दि.21– घायल मरीज की ड्रेसिंग को लेकर हुए विवाद के बाद 10 से 12 लोगों ने महागांव ग्रामीण अस्पताल में घुसकर जमकर हंगामा किया और तोड़फोड़ की. इस दौरान डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ के साथ मारपीट भी की गई. भीड़ के डर से डॉक्टर और नर्स को अस्पताल के टॉयलेट में छिपना पड़ा. घटना मंगलवार रात करीब 11.30 बजे की है. डॉक्टर की शिकायत के आधार पर महागांव पुलिस ने संबंधित आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
जानकारी के मुताबिक डॉ. दीक्षा किशोर मुजमुले 18 अगस्त की रात 8 बजे से 19 अगस्त सुबह 8 बजे तक नाइट ड्यूटी पर थीं. रात करीब 11 बजे अंबोडा निवासी शेख इसराइल शेख शाबुदीन (30) चेहरे और सिर पर चोट लगने के बाद एक व्यक्ति के साथ इलाज के लिए अस्पताल पहुंचा. इलाज के दौरान उसकी ड्रेसिंग की गई. इसके बाद उसने नर्स से विवाद शुरू कर दिया और आरोप लगाया कि उसकी पट्टी ठीक तरीके से नहीं की गई है.
* 10-12 लोग अस्पताल में घुसे
कुछ देर बाद 10 से 12 लोग अस्पताल में पहुंच गए. आरोप है कि उन्होंने अस्पताल के डिलीवरी रूम का कांच तोड़ दिया और डॉक्टर तथा स्टाफ रूम के ताले भी तोड़ दिए. इस बीच नर्सिंग स्टाफ के सदस्य प्रशिक कालबांडे को अस्पताल बुलाया गया. भीड़ ने उनके साथ बहस और गाली-गलौज शुरू कर दी.
* लोहे की रॉड से हमला
आरोप है कि शेख इसराइल ने सांप पकड़ने के लिए इस्तेमाल होने वाली लोहे की रॉड से प्रशिक कालबांडे के पैर, पीठ, सिर के पिछले हिस्से और हाथ पर हमला किया. इसके बाद वहां मौजूद अन्य लोगों ने भी उनके साथ मारपीट की और लातें मारीं. अचानक हुई इस घटना से डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ में दहशत फैल गई. अपनी सुरक्षा के लिए डॉक्टर और नर्स अस्पताल के टॉयलेट में जाकर छिप गए.
* 112 पर फोन, पुलिस पहुंची
घटना के दौरान नर्स ने तत्काल 112 हेल्पलाइन पर फोन कर पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम अस्पताल पहुंची. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और अस्पताल में तोड़फोड़ तथा कर्मचारियों के साथ मारपीट करने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है.





