महावितरण लगाएगा 150 नए ट्रांसफॉर्मर, सबस्टेशन भी

उद्योगों की बिजली समस्या पर गंभीरता से उठी आवाज

आफाक सूबेदार ने रखीं अहम मांगें
अमरावती/दि.6 – महावितरण अमरावती परिमंडल के विद्युत भवन में औद्योगिक संगठनों, एमआईडीसी के अध्यक्षों, पदाधिकारियों, उद्यमियों एवं विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में महावितरण के संचालक (संचालन) धनंजय औंढेकर ने विद्युत वितरण व्यवस्था, औद्योगिक क्षेत्रों की समस्याओं तथा आगामी योजनाओं को लेकर उद्योग प्रतिनिधियों के साथ विस्तृत चर्चा की.
कार्यक्रम की शुरुआत में नांदगांव पेठ एमआईडीसी एसोसिएशन के अध्यक्ष आफाक सूबेदार ने संचालक (संचालन) धनंजय औंढेकर का शाल एवं श्रीफल देकर स्वागत किया. इस अवसर पर औद्योगिक क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को प्रभावी ढंग से उनके समक्ष रखा गया.
बैठक में औद्योगिक संगठनों एवं विभिन्न कंपनियों के पदाधिकारी, उद्यमी तथा प्रतिनिधि उपस्थित रहे. इनमें वीरेंद्र लड्ढा, अध्यक्ष सातुर्णा एमआईडीसी; आफाक सूबेदार, अध्यक्ष नांदगांव पेठ एमआईडीसी एवं महामंत्री लघु उद्योग भारती; आशीष सावजी, सचिव अमरावती एमआईडीसी एसोसिएशन; सुरेंद्र कुमार पाटील, अध्यक्ष अमरावती टेक्सटाइल मिल एसोसिएशन; जगदीश वाधवानी, सचिव नांदगांव पेठ एमआईडीसी; ब्रजेश भार्गव, सूर्यलक्ष्मी स्पिनिंग मिल; गजराज सिंह, रेमंड; मनोज क्षीरसागर, श्रीधर कॉटन; समीर कुमार, दामोदर कॉटन मिल; दीपेश शर्मा, श्रीधर कॉटन; जयंत भालेराव एवं संजय देशमुख, टेक्नोक्राफ्ट; नितिन ढोके, गोल्डन फायबर; एन.आई. पेटले; अमित त्रिवेदी, संयोजक; रविकिरण डागा, मेटल; विशाल हेडा एवं नंदू पेटकर, अमरावती,सातुर्णा,नांदगाव पेठ एमआईडीसी सहित अन्य प्रतिनिधियों की उपस्थिति रही.
इस अवसर पर संचालक (संचालन) धनंजय औंढेकर ने औद्योगिक प्रतिनिधियों को विद्युत व्यवस्था में किए जाने वाले आगामी महत्वपूर्ण बदलावों की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि नांदगांव पेठ के लिए नए सबस्टेशन को मंजूरी, रो-पोल व्यवस्था, एनएससी के माध्यम से विद्युत वितरण तथा एमआईडीसी क्षेत्र के लिए 150 ट्रांसफार्मरों को मंजूरी जैसे महत्वपूर्ण कार्य प्रस्तावित/स्वीकृत किए गए हैं. उन्होंने सौर ऊर्जा के बेहतर एवं प्रभावी उपयोग के लिए बैटरी स्टोरेज व्यवस्था विकसित करने की दिशा में उठाए जा रहे कदमों की भी जानकारी दी. इसके लिए नई समिति का गठन कर आवश्यक कार्यवाही शुरू किए जाने की बात उन्होंने कही. मुख्य अभियंता संजय भोले ने भी उद्योग प्रतिनिधियों को विद्युत वितरण व्यवस्था में आवश्यक सुधार तथा हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया.
बैठक में आफाक सूबेदार ने नांदगांव पेठ औद्योगिक क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति से जुड़ी महत्वपूर्ण समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए कहा कि बिजली आपूर्ति में बार-बार होने वाले व्यवधान के कारण उद्योगों एवं कंपनियों के उत्पादन पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है. इससे उद्यमियों को आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ता है. उन्होंने औद्योगिक क्षेत्रों में निर्बाध, गुणवत्तापूर्ण एवं नियमित विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग रखी. सूबेदार ने बताया कि रेमंड, श्रीराम, टेक्नोक्राफ्ट, श्रीधर, दामोदर कॉटन जैसी प्रतिष्ठित कंपनियां अमरावती से अपना औद्योगिक कार्य संचालित कर रही हैं. विद्युत आपूर्ति में आने वाली बाधाओं के कारण इन उद्योगों को लगातार नुकसान का सामना करना पड़ रहा है. उन्होंने कहा कि औद्योगिक विकास को गति देने के लिए मजबूत एवं भरोसेमंद विद्युत व्यवस्था अत्यंत आवश्यक है.

 

Back to top button