मोर्शी में भव्य शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन

उत्क्रांती चेस क्लासेस की स्पर्धा में विद्यार्थियों ने उत्साह से लिया हिस्सा

मोर्शी/दि.6 – उत्क्रांती चेस क्लासेस, मोर्शी की ओर से आयोजित भव्य शतरंज प्रतियोगिता आदिवासी भवन, मोर्शी में सफलतापूर्वक संपन्न हुई. प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया और अपनी शतरंज प्रतिभा का प्रदर्शन किया.
उत्क्रांती चेस क्लासेस की संचालिका प्रा. जानकी आहाके द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता के उद्घाटन अवसर पर भारतीय कॉलेज के प्राचार्य डॉ. संतोष आगरकर, प्रा. जगदीश पत्रे, प्रा. वैशाली पलसापुरे तथा जिला परिषद माध्यमिक विद्यालय के मुख्याध्यापक मनोहर मुंढे प्रमुख अतिथि के रूप में उपस्थित थे. उद्घाटन अवसर पर संबोधित करते हुए प्राचार्य डॉ. संतोष आगरकर ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शारीरिक एवं मैदानी खेलों के साथ ही कौशल आधारित खेलों को भी प्रोत्साहित किया जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि शतरंज विद्यार्थियों में एकाग्रता, तार्किक सोच और निर्णय लेने की क्षमता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है.
* सुबह से शाम तक चली प्रतियोगिता
प्रतियोगिता सुबह करीब 9 बजे शुरू हुई और पूरे दिन विभिन्न मुकाबले खेले गए. विद्यार्थियों ने बेहद उत्साह के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लिया. मुकाबलों के दौरान खिलाड़ियों ने अपनी रणनीति, एकाग्रता और निर्णय क्षमता का प्रदर्शन किया. प्रतियोगिता का अंतिम परिणाम शाम को उपस्थित अभिभावकों के समक्ष घोषित किया गया. इसके बाद प्रमुख अतिथि मुख्याध्यापक मनोहर मुंढे, प्रा. वैशाली पलसापुरे तथा उत्क्रांती चेस क्लासेस की संचालिका प्रा. जानकी आहाके के हाथों विजेता एवं प्रतिभागी विद्यार्थियों को स्मृतिचिह्न और पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया.
* आयोजन की सफलता में इनका योगदान
प्रतियोगिता को सफल बनाने में श्रीकांत टेकाम, दिव्या खुरपे, अनुश्री ढोबले, रितिक मसराम, कार्तिक ढोबले, दीपिका हिंगवे और प्राची माने ने विशेष मेहनत की. आयोजकों ने सभी विद्यार्थियों, अभिभावकों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया.

Back to top button